विशेष रिपोर्ट: सुरेंद्र राणा
शिमला / नई दिल्ली
नरेंद्र मोदी और अमित शाह के दौर की भाजपा हर बार अपने फैसलों से सियासी पंडितों के सारे समीकरण ध्वस्त करने के लिए जानी जाती है। चुनाव जीतने के बाद अप्रत्याशित मुख्यमंत्री चुनना हो या संगठन की कमान सौंपना—’नई भाजपा’ के फैसले हमेशा चौंकाने वाले रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव नितिन नवीन द्वारा जारी की गई नई संगठनात्मक सूची ने एक बार फिर यही साबित किया है, जहां पड़ोसी राज्य उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा को तो तरजीह मिली, लेकिन सियासी रूप से बेहद अहम हिमाचल प्रदेश पूरी तरह खाली हाथ रह गया।
हिमाचल की अनदेखी पर सुलगते सियासी सवाल
हिमाचल भले ही छोटा पहाड़ी राज्य हो, लेकिन मोदी युग में इसका सियासी वजन हमेशा भारी रहा है। जेपी नड्डा के लंबे समय तक राष्ट्रीय अध्यक्ष रहने के बाद मोदी 3.0 में कैबिनेट मंत्री बनने और अनुराग ठाकुर के कद को देखते हुए माना जा रहा था कि नई टीम में हिमाचल का परचम बुलंद रहेगा। अनुराग ठाकुर के पास फिलहाल कोई मंत्रालय नहीं है, ऐसे में पुख्ता कयास थे कि उनके विशाल सांगठनिक अनुभव को राष्ट्रीय स्तर पर भुनाया जाएगा, लेकिन सूची से उनका नाम नदारद होना पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के गले नहीं उतर रहा।

जब बॉस रहे अनुराग की टीम में थे नितिन नवीन
सियासी गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि जब अनुराग ठाकुर भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, तब नितिन नवीन उनके मातहत राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी संभालते थे। पुरानी सांगठनिक केमिस्ट्री और पांच बार की संसदीय जीत का तगड़ा ट्रैक रिकॉर्ड होने के बावजूद अनुराग को बाहर रखना केंद्रीय नेतृत्व की किसी गहरी और अलग रणनीति की ओर इशारा करता है।
अनुराग ठाकुर: मजबूत प्रोफाइल, फिर भी दरकिनार
लगातार पांच जीत: 2008 उपचुनाव से लेकर अब तक हमीरपुर सीट पर अपराजेय रिकॉर्ड।
भारी-भरकम मंत्रालयों का अनुभव: केंद्र में वित्त, कॉरपोरेट, खेल एवं सूचना प्रसारण जैसे अहम विभागों का सफल संचालन।
ग्राउंड कनेक्ट: धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम के जरिए अंतरराष्ट्रीय पहचान और युवाओं के बीच जबर्दस्त लोकप्रियता।
इंदु गोस्वामी के नाम पर भी फिरा पानी
राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी को महिला चेहरे के तौर पर राष्ट्रीय टीम में शामिल करने की चर्चाएं भी काफी गर्म थीं। 2017 में पालमपुर से हारने के बावजूद पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा था, जिससे उम्मीद थी कि संगठन में उन्हें बड़ा दायित्व मिल सकता है। मगर इस बार के फैसलों ने साबित कर दिया कि मोदी-शाह की भाजपा में किसी भी कयासबाजी की कोई गारंटी नहीं है।
हिमाचल में आगामी चुनावी बिसात और सांगठनिक संतुलन के लिहाज से यह फैसला बेहद चौंकाने वाला और चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
पंजाब दस्तक चैनल को फेसबुक पर फॉलो करें, सब्सक्राइब करें, लाइक करें और शेयर करें। निष्पक्ष और सटीक खबरों के लिए देखते रहें ‘पंजाब दस्तक’।
