तपोवन विधानसभा में कुल्लू के प्रतिनिधित्व पर सवाल उठाते विधायक सुंदर सिंह ठाकुर

सुंदर सिंह ठाकुर का तीखा सवाल: “क्या कुल्लू के लोगों को सिर्फ बाजा बजाने के लिए रखा है?”

Spread the love

​सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक


तपोवन, धर्मशाला विधानसभा
​हिमाचल प्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान कुल्लू सदर से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का मंत्रिमंडल में जगह न मिलने को लेकर दर्द और गुस्सा खुलकर सामने आ गया है। उन्होंने तल्ख अंदाज में सरकार से सीधा सवाल किया है कि आखिर सत्ता और संगठन में कुल्लू जैसे अहम जिले की लगातार अनदेखी क्यों की जा रही है।


​विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने दो टूक शब्दों में कहा, “कुल्लू के लोगों को क्या सिर्फ बाजा बजाने के लिए रखा हुआ है?” उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी व्यक्तिगत पद या लालसा की नहीं है, बल्कि कुल्लू जिले के राजनीतिक आत्मसम्मान और उसके हक की है। लगभग 4 लाख की आबादी वाले इस प्रमुख और राजनीतिक रूप से संवेदनशील जिले को सरकार में उचित प्रतिनिधित्व मिलना ही चाहिए।


​उन्होंने कहा कि मेरी कोई राजनीतिक लेगेसी (विरासत) नहीं है। मेरी ताकत मेरे कार्यकर्ता और कुल्लू की सामान्य जनता है, जिन्होंने आपदा के दौरान और कुल्लू के विकास को बदलते देखा है। आज कुल्लू में सड़कों, पुलों और मलाना, रशोल, ग्रांड से लेकर खीरगंगा और लग घाटी जैसे दुर्गम इलाकों तक विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। यह सब हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है।


​विधायक ने दोहरे मापदंड पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शिमला में कांग्रेस भवन के भीतर हाथापाई जैसी घटनाएं होती हैं और सरेआम मंच से बोला जाता है, लेकिन कुल्लू के मान-सम्मान की बात उठने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात की जाती है—यह दोहरा मापदंड बिल्कुल नहीं चलेगा। जो नियम शिमला के लिए हैं, वही कुल्लू के लिए भी होने चाहिए। उन्होंने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि आजादी के बाद से ऐसा कभी नहीं हुआ कि कुल्लू को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व न मिला हो। लालचंद प्राथी, ठाकुर कुंजलाल से लेकर वीरभद्र सरकार तक कुल्लू की हमेशा मजबूत हिस्सेदारी रही है।


​उन्होंने स्पष्ट किया कि कुल्लू जिला सिर्फ अपने जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव लाहौल-स्पीति, द्रंग, सिराज और पांगी-भरमौर तक रहता है। कुल्लू के लोग बहुत स्वाभिमानी हैं और अपने मान-सम्मान के लिए लड़ना अच्छी तरह जानते हैं।


​देखते रहें पंजाब दस्तक | फॉलो करें पंजाब दस्तक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *