हिमाचल टैक्सी परमिट 15 साल होने पर जयराम ठाकुर का आभार जताते राम रतन शर्मा और टैक्सी यूनियन प्रतिनिधि

हिमाचल टैक्सी परमिट मामला: चौड़ा मैदान के संघर्ष से लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी तक की पैरवी लाई रंग; भारतीय व्यापार मंडल ट्रांसपोर्ट प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राम रतन शर्मा की अगुवाई में टैक्सी यूनियनों ने चंबा पहुंचकर और पालमपुर यूनियन ने टेलीफोन पर पूर्व सीएम जयराम ठाकुर का किया भव्य धन्यवाद

Spread the love

​विधानसभा सत्र के दौरान रक्षाबंधन के पावन पर्व पर चौड़ा मैदान में दिए गए धरने के दौरान जूस पिलाकर किया गया वादा आज पूरी तरह निभाया गया


​भारतीय व्यापार मंडल (हिमाचल ट्रांसपोर्ट प्रकोष्ठ) के प्रदेश अध्यक्ष राम रतन शर्मा ने चंबा पहुंचकर व्यक्तिगत रूप से की मुलाकात, वहीं पालमपुर टैक्सी यूनियन ने फोन पर मिलकर आभार जताते हुए पालमपुर आने की प्रकट की इच्छा


​केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से व्यक्तिगत बातचीत और पत्राचार कर परमिट सीमा 12 से बढ़ाकर 15 साल करवाने का वादा हुआ पूरा


​चंडीगढ़/चंबा/शिमला:
ब्यूरो रिपोर्ट: सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक, चंडीगढ़ न्यूज़ रूम।
पंजाब दस्तक के पाठकों के लिए हिमाचल प्रदेश के टैक्सी ऑपरेटरों और ट्रांसपोर्ट जगत से जुड़ी एक बेहद अहम और बड़ी खबर सामने आ रही है। हिमाचल प्रदेश में कमर्शियल वाहनों (टैक्सी) के परमिट की वैधता को 12 वर्ष से बढ़ाकर 15 वर्ष किए जाने के ऐतिहासिक फैसले के बाद पूरे प्रदेश के ऑपरेटरों में भारी उत्साह और जश्न का माहौल है।


​इस शानदार सफलता के बाद भारतीय व्यापार मंडल हिमाचल ट्रांसपोर्ट प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री राम रतन शर्मा मनाली और अन्य टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ लंबा सफर तय करके विशेष रूप से चंबा पहुंचे। चंबा प्रवास पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उन्होंने ट्रांसपोर्ट जगत और टैक्सी ऑपरेटरों की ओर से दिल से आभार व्यक्त किया। वहीं दूसरी ओर, पालमपुर टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने टेलीफोन के माध्यम से पूर्व मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत बातचीत की और भविष्य में पालमपुर आने की अपनी विशेष इच्छा भी प्रकट की।


​रक्षाबंधन के दिन चौड़ा मैदान में किया गया वादा आज लाया रंग: पूर्व सीएम ने याद किए संघर्ष के दिन
​यूनियन प्रतिनिधियों और ट्रांसपोर्ट प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राम रतन शर्मा के साथ अपनी बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए कहा कि जब शिमला के चौड़ा मैदान में टैक्सी ऑपरेटरों की हड़ताल चल रही थी, तब क्या हालात थे।
​उन्होंने उस वादे को याद करते हुए कहा, “जब विधानसभा का सत्र चल रहा था और रक्षाबंधन का पावन पर्व था, तब टैक्सी वालों की बड़ी हड़ताल थी। मैंने वहां चौड़ा मैदान जाकर यूनियन के साथियों को अपने हाथों से जूस पिलाकर यह कहा था कि आप जाइए और अपने घरों में त्यौहार मनाइए, आपका यह भाई आपकी मांग को पूरा करवाएगा।” आज पूर्व मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के दिन दिए गए अपने उसी वचन और वादे को पूरी तरह निभाकर टैक्सी ऑपरेटरों को यह बड़ा तोहफा दिया है।


​केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से पत्राचार और बातचीत ने दिलाई मंजिल
​पूर्व सीएम ने अपने वादे पर खरा उतरते हुए इस गंभीर मामले को केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और संबंधित उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाया। उन्होंने व्यक्तिगत बातचीत के साथ-साथ आधिकारिक पत्राचार भी किया।
​जयराम ठाकुर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि हमारे इन निरंतर प्रयासों के बाद आखिरकार इसमें ऐतिहासिक सफलता मिली। पड़ोसी राज्यों हरियाणा और उत्तराखंड की तर्ज पर हिमाचल के टैक्सी चालकों को भी 15 साल के परमिट की वैधता मिल गई है। इससे हिमाचल के हजारों परिवारों की आजीविका और भविष्य सुरक्षित हुआ है। नहीं तो बहुत बड़ी कठिनाई हो गई थी हमारे टैक्सी ऑपरेटर के सारे साथियों को।”
​साथ ही उन्होंने वर्तमान राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार ने इस मामले में अपने दायित्व का निर्वहन नहीं किया और राजनीतिक रूप से सारी जिम्मेदारी केंद्र पर डालते रहे, लेकिन हमने अपना वादा निभाया।


​राम रतन शर्मा और पालमपुर टैक्सी यूनियन ने जताया आभार
​इस दौरान व्यापार मंडल ट्रांसपोर्ट प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राम रतन शर्मा, पालमपुर टैक्सी यूनियन (जिन्होंने फोन पर बातचीत कर आभार जताया और पालमपुर पधारने का आग्रह किया) और मनाली टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से कहा कि 12 साल की समयसीमा समाप्त होने के कारण प्रदेश के हजारों टैक्सी ऑपरेटर गहरे आर्थिक संकट में फंस गए थे।
​ज्ञात रहे कि श्री राम रतन शर्मा पिछले महीने ही राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आयोजित भव्य बैठक में भारतीय व्यापार मंडल हिमाचल ट्रांसपोर्ट प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत हुए थे, जिसके बाद से पूरे प्रदेश के ट्रांसपोर्ट जगत में उनके चयन की गूंज रही है। आज उनकी और मनाली-पालमपुर टैक्सी यूनियनों की पूरी टीम की यह मेहनत रंग लाई है।


​यूनियनों ने एक स्वर में कहा कि जिस प्रकार पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रक्षाबंधन के दिन चौड़ा मैदान के अनशन मंच से लेकर दिल्ली दरबार तक टैक्सी ऑपरेटरों के हक की लड़ाई लड़ी और आज अपने वादे को अमलीजामा पहनाया, उसके लिए पूरा ट्रांसपोर्ट जगत और टैक्सी समुदाय उनका सदैव ऋणी रहेगा।


​देखते रहिए पंजाब दस्तक — सच की आवाज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *