धर्मशाला/चंबा (सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ, पंजाब दस्तक):
हिमाचल प्रदेश में पेंशनरों के हक की आवाज को अब दूसरे दौर के सघन अभियान के जरिए आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश का चाहे कोई भी सरकारी विभाग हो, बोर्ड हो या कॉर्पोरेशन (निगम)—लगभग 1 लाख 90 हजार पेंशनरों में से 95 फीसदी से अधिक पेंशनर पूरी मजबूती से हिमाचल प्रदेश पेंशनर जॉइंट एक्शन कमेटी के एक ही साझा मंच पर खड़े हैं। पिछले दौर में पेंशनर तीन विशाल महारैलियां सफलतापूर्वक आयोजित कर अपनी एकजुटता दिखा चुके हैं। अब उसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए कमेटी ने अपने जन-संपर्क का दूसरा चरण शुरू कर दिया है, जिसके तहत 5 से 9 अक्टूबर तक टीम ब्लॉक-ब्लॉक और द्वार-द्वार जाकर पेंशनरों से सीधा संवाद साधेगी।
बिलासपुर राज्य बॉडी बैठक के निर्णय अनुसार जन-जागरण अभियान
कमेटी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि चंबा जिले का यह विशेष भ्रमण 18 सितंबर 2026 को बिलासपुर में आयोजित राज्य बॉडी की बैठक में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों के अनुरूप चलाया जा रहा है। राज्य कार्यकारिणी द्वारा लिए गए फैसलों को अक्षरशः और पूर्ण भावना के साथ हिमाचल प्रदेश पेंशनर जॉइंट एक्शन कमेटी के सभी जिला संयोजकों द्वारा अपने-अपने जिलों में लागू एवं क्रियान्वित किया जा रहा है। इस जिला भ्रमण का मुख्य उद्देश्य व्यापक जन-जागरण अभियान के अंतर्गत पेंशनरों को जागरूक, संगठित एवं लाभान्वित करना है, ताकि सरकार को पेंशनरों की असली ताकत का अहसास कराया जा सके।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से 60 से 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के उन वरिष्ठ बुजुर्ग पेंशनरों की चौखट तक पहुंचना भी है, जो उम्र या स्वास्थ्य कारणों से महारैलियों में नहीं आ सके थे। टीम हर ब्लॉक में जाकर बुजुर्ग पेंशनरों को बताएगी कि कमेटी ने बोर्डों, निगमों और सभी विभागों के पेंशनरों के लिए अब तक क्या-क्या प्रयास किए हैं, सरकार का क्या रुख रहा है और आगे की क्या ठोस रणनीति है। साथ ही जो पेंशनर या उनके परिवार देश-विदेश में भी रह रहे हैं, उन तक भी सोशल मीडिया और संगठन के जरिए यह पूरा ब्योरा पहुंचाया जा रहा है।
संगठन को चारों तरफ से धार देने के लिए राजधानी शिमला में जिला अतिरिक्त महासचिव भूप राम ने अपने साथियों सहित कमान संभाल रखी है, जबकि कांगड़ा से आगे बढ़ते हुए इस दूसरे दौर में प्रदेश अध्यक्ष सुरेश ठाकुर के नेतृत्व में शीर्ष पदाधिकारियों की टीम निजी वाहनों से 5 से 9 अक्टूबर तक जिला चंबा के विभिन्न ब्लॉकों में जन-जागरण और डोर-टू-डोर जन-संपर्क के लिए निकल रही है।
इस दल में प्रदेश अध्यक्ष सुरेश ठाकुर के साथ कांगड़ा जिला अध्यक्ष रविंद्र सिंह राणा, राज्य कोषाध्यक्ष एवं सीटी यूनिट शाहपुर के अध्यक्ष सेठ राम तथा पूर्व महासचिव (पीटीएफ) दुर्गा दयाल शर्मा (डी.डी. शर्मा) शामिल हैं।
चुल्लू भर ‘स्वयंभू’ नेताओं की सच्चाई से भी कराएंगे रूबरू
इस ब्लॉक स्तरीय दौरे में पेंशनरों को उन चंद चुल्लू भर ‘स्वयंभू’ नेताओं की असलियत से भी अवगत कराया जाएगा, जिनका पेंशनरों के बीच जमीनी स्तर पर कोई जनाधार नहीं है, लेकिन वे बैठकों का ढोंग रचकर पेंशनरों के हितों को उलझाने की कोशिश करते हैं। कमेटी स्पष्ट करेगी कि 95% पेंशनरों की वास्तविक एकजुटता ही इस साझा मंच की असली ताकत है।
2016 से 2022 और हाल ही में सेवानिवृत्त हुए नए पेंशनरों को जोड़ने की मुहिम तेज
अभियान के दौरान वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के वित्तीय लाभों व संशोधित पेंशन की वास्तविक स्थिति समझाई जाएगी। इसके साथ ही वर्ष 2022 के बाद और हाल ही में सेवानिवृत्त हुए नए पेंशनरों को भी ब्लॉक स्तर पर इस मुहिम से जोड़ने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।
5 से 9 अक्टूबर: दूसरे दौर का संपूर्ण ब्लॉक-वार कार्यक्रम
पहला दिन (5 अक्टूबर):
प्रातः 6:30 बजे रैत से शुरुआत, बलाई में स्थानीय पेंशनरों से संवाद। दोपहर 12:00 बजे सुंडला पहुंचकर 12:00 से 2:00 बजे तक सुंडला ब्लॉक के पेंशनरों के साथ बैठक। दोपहर 2:30 बजे सलूणी रवानगी, सायं लगभग 7:00 बजे सलूणी आगमन व रात्रि ठहराव।
दूसरा दिन (6 अक्टूबर):
प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक सलूणी ब्लॉक के पेंशनरों के साथ बैठक। दोपहर 2:30 बजे तीसा रवानगी, सायं 6:00 बजे पहुंचना और भंजराड़ू (तीसा) में रात्रि ठहराव।
तीसरा दिन (7 अक्टूबर):
प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक तीसा ब्लॉक के पेंशनरों के साथ बैठक। दोपहर 2:30 बजे चंबा होते हुए भरमौर रवानगी। स्थानीय पेंशनरों की सुविधा अनुसार रात्रि ठहराव भरमौर या रास्ते में उपयुक्त स्थान पर।
चौथा दिन (8 अक्टूबर):
प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक जनजातीय क्षेत्र भरमौर ब्लॉक के पेंशनरों के साथ बैठक। इसके बाद दल भरमौर से चंबा वापस लौटेगा और चंबा सिटी यूनिट के पेंशनरों से संवाद कर रात्रि ठहराव चंबा में ही रहेगा।
पांचवां दिन (9 अक्टूबर):
अंतिम दिन दल जोत के रास्ते चंबा से चुवाड़ी ब्लॉक पहुंचेगा। वहां चुवाड़ी ब्लॉक के पेंशनरों के साथ बैठक कर दूसरे चरण के इस 5 दिवसीय जन-संपर्क अभियान का समापन किया जाएगा।
ब्लॉक पदाधिकारियों और जिला कार्यकारिणी से संयुक्त अपील
जॉइंट एक्शन कमेटी के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने विशेष अपील जारी करते हुए कहा है कि प्रत्येक ब्लॉक के अध्यक्ष एवं महासचिव इस कार्यक्रम की सूचना अपने-अपने ब्लॉक के सभी सदस्यों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा निर्धारित समय एवं स्थान पर बैठकों में पेंशनरों की अधिकतम व सक्रिय भागीदारी तय करें।
साथ ही कार्यकारी अध्यक्ष एवं जिला कार्यकारिणी महासचिव (चंबा) श्री सुरेंद्र गुप्ता जी के साथ-साथ राज्य कार्यकारिणी एवं जिला कार्यकारिणी चंबा के सभी पदाधिकारियों से भी पुरजोर अनुरोध किया गया है कि वे सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं सदस्यों तक इस कार्यक्रम की सूचना पहुंचाने तथा अपने-अपने ब्लॉक की निर्धारित बैठक में पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं करें। सभी संबंधित पदाधिकारी और सदस्य पूर्ण सहयोग, सक्रिय भागीदारी एवं संगठित समर्थन प्रदान कर चंबा जिला के इस जन-जागरण अभियान को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं।
पेंशनरों के हक की हर जमीनी और सटीक रिपोर्ट के लिए पंजाब दस्तक चैनल को लाइक, शेयर और फॉलो जरूर करें। देखते रहिए पंजाब दस्तक।
