पंजाब दस्तक ब्यूरो / वीरेंद्र (Virender), मंडी (बल्ह):
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के हालिया मंडी दौरे के बाद बल्ह घाटी की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। मुख्यमंत्री द्वारा बल्ह के भाजपा विधायक के “दांत गिनने” वाले बयान पर अब विधायक इंद्र सिंह गांधी ने सीधा और तीखा पलटवार किया है। मंडी में पत्रकारों से रूबरू होते हुए गांधी ने दोटूक कहा कि खोखली बयानबाजी और तंज कसने से धरातल पर विकास नहीं होता।
विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा, “मेरे मुंह में सचमुच 32 दांत हैं, इसलिए जो कहता हूं सच साबित होता है। मुख्यमंत्री के मुंह में अगर 30 दांत होंगे, तो वे तीस की ही बात करेंगे।” गांधी ने सीएम सुक्खू की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का सदन से लेकर सार्वजनिक मंचों तक केवल झूठ परोसने का रिकॉर्ड बन चुका है। शनिवार को बल्ह दौरे के दौरान भी जनता को गुमराह करने का ही प्रयास किया गया।
पूर्व सरकार के कार्यों का फीता काट रहे मुख्यमंत्री
विधायक ने आरोप लगाया कि बल्ह विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने जिन परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए, वे सभी पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल की देन हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा कांग्रेस सरकार ने सत्ता संभालते ही बदले की भावना से जिन सरकारी संस्थानों पर ताले जड़े थे, अब हार के डर से उन्हीं को दोबारा खोलने का ढोंग रचा जा रहा है।
शिलापट्टिकाओं से स्थानीय विधायक का नाम गायब, जताया विरोध
सरकारी कार्यक्रमों के बहिष्कार की वजह स्पष्ट करते हुए इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि शिलान्यास और उद्घाटन पट्टिकाओं से चुने हुए स्थानीय विधायक का नाम जानबूझकर गायब रखा गया, जबकि कुछ चहेतों के नाम दर्ज किए गए। यह लोकतांत्रिक मर्यादाओं और प्रोटोकॉल का खुला उल्लंघन है, जिसके चलते उन्होंने इन कार्यक्रमों से दूरी बनाई।
मंडी की दसों सीटों पर खिलेगा कमल
कांग्रेस द्वारा बल्ह से प्रकाश चौधरी की दावेदारी आगे करने पर चुटकी लेते हुए गांधी ने कहा कि बल्ह की जनता सब जानती है। जनता भली-भांति वाकिफ है कि किसका आचरण कैसा रहा है। उन्होंने दावा किया कि मंडी जिला की सभी 10 विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रचंड जीत दर्ज करेगी और जिले के सभी विधायक पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में पूरी तरह एकजुट हैं।
सटीक, निष्पक्ष और धारदार खबरों के लिए जुड़े रहें ‘पंजाब दस्तक’ के साथ। चैनल को सब्सक्राइब और फॉलो करना न भूलें।
