Pawan Kajal and Narendra Mankotia caste politics controversy in Kangra

कांगड़ा में सियासी भूचाल: विधायक पवन काजल पर जातिगत राजनीति के गंभीर आरोप, सर्व समाज की अनदेखी पर भड़के मनकोटिया

Spread the love

​तीन बार सर्व समाज के आशीर्वाद से जीते काजल, अब समाज को बांटने से करें परहेज: नरेंद्र मनकोटिया

​सुशील (वरिष्ठ पत्रकार)
कांगड़ा (पंजाब दस्तक ब्यूरो)


​कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में जातीय राजनीति को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। राजपूत युवा शक्ति संघ कांगड़ा के प्रमुख सदस्य नरेंद्र सिंह मनकोटिया ने स्थानीय विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पवन काजल के खिलाफ सीधा मोर्चा खोलते हुए उन पर क्षेत्र में जातिगत राजनीति को हवा देने का खुला आरोप लगाया है। मनकोटिया ने दो टूक कहा कि विधायक काजल ‘सबका साथ’ की नीति को दरकिनार कर एकतरफा राजनीति कर रहे हैं, जो कांगड़ा के सामाजिक ताने-बाने और आपसी भाईचारे के लिए सीधा खतरा है।


​मनकोटिया ने कड़े लहजे में कहा कि विधायक पवन काजल को यह सच्चाई नहीं भूलनी चाहिए कि वे किसी एक वर्ग या जाति के दम पर नहीं, बल्कि ब्राह्मण, ठाकुर, खत्री, बनिया, ओबीसी, अनुसूचित जाति और जनजाति सहित समूचे समाज के अटूट समर्थन और वोटों की बदौलत ही लगातार तीन बार विधानसभा की चौखट तक पहुंचे हैं। ऐसे में अब केवल एक खास वर्ग को प्राथमिकता देना और बाकी समाजों को हाशिए पर धकेलना सीधे तौर पर जनता के विश्वास पर चोट है।


​उन्होंने स्पष्ट किया कि ओबीसी वर्ग का दायरा किसी एक जाति तक सीमित नहीं है; इसमें जाट, सैनी सहित कई अन्य समुदाय भी शामिल हैं। ऐसे में किसी एक समुदाय को पूरे ओबीसी समाज का प्रतिनिधि मान लेना पूरी तरह अनुचित है। मनकोटिया ने तीखा सवाल दागा कि क्या आगामी चुनावों में विधायक को अन्य सभी समाजों के समर्थन और वोटों की जरूरत नहीं पड़ेगी?


​इसके साथ ही उन्होंने भाजपा शीर्ष नेतृत्व को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि चूंकि पवन काजल भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे बड़े ओहदे पर हैं, इसलिए पार्टी को कांगड़ा में अपनी सामाजिक और राजनीतिक दिशा तुरंत साफ करनी चाहिए। पिछले चुनावी नतीजों का हवाला देते हुए उन्होंने चेताया कि केवल जातीय समीकरणों के बूते जीत दर्ज नहीं की जा सकती; विजय सर्व समाज के सहयोग से ही संभव होती है। मनकोटिया ने मांग उठाई कि कांगड़ा में बांटने की राजनीति बंद हो और हर वर्ग को पूरा मान-सम्मान व बराबर हक मिले।


​सच्ची, बेबाक और सटीक खबरों के लिए ‘पंजाब दस्तक’ को तुरंत फॉलो करें, लाइक करें और शेयर करें। हर बड़ी खबर सबसे पहले देखने के लिए चैनल को सब्सक्राइब करना न भूलें। देखते रहें—पंजाब दस्तक!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *