पालमपुर (हिमाचल प्रदेश):
रोशनी और उमंग के पर्व दीपावली से ठीक पहले कांगड़ा जिले के पालमपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पूरा देश दीपोत्सव के स्वागत की तैयारियों में जुटा था, वहीं पालमपुर में एक परिवार की खुशियां पल भर में मातम और धुएं के गुबार में तब्दील हो गईं।
घटना पालमपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 3 में पुलिस थाना के समीप शुक्रवार को पेश आई। जानकारी के अनुसार, वार्ड निवासी धीरज खन्ना (पुत्र यशपाल सिंह) ने अपने मकान की पहली मंजिल पर स्थित ड्राइंग रूम को सजाने के लिए दीवार पर इलेक्ट्रिकल दीए लगाए थे। बताया जा रहा है कि इन्हीं दियों से अचानक आग सुलग उठी, जिसने दीवार पर लगी 3D पीवीसी शीट को अपनी चपेट में ले लिया।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और छत के पीवीसी पैनल तक पहुंच गई। धुएं और लपटों के बीच कमरे में रखा सोफा, टेबल और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। गनीमत यह रही कि परिवार के सदस्यों ने मुस्तैदी दिखाते हुए किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, लेकिन त्यौहार का माहौल तबाही में बदल गया।
पंजाब दस्तक की विशेष अपील
त्यौहार की खुशियां पूरा साल हमारे जीवन में बनी रहें, न कि किसी एक लापरवाही के कारण एक ही दिन में तबाह हों। पंजाब दस्तक समस्त हिमाचल वासियों से अपील करता है:
1. बिजली की तारों व सजावट की जांच: घरों में इलेक्ट्रिकल दीए, रंग-बिरंगी लाइटें और लड़ी लगाते समय वायरिंग की गुणवत्ता जरूर जांचें और ओवरलोडिंग से बचें।
2. पटाखे जलाते समय सतर्कता: पटाखे खुले स्थान पर और घरों से दूर जलाएं। जरा सी चिंगारी किसी का भी आशियाना उजाड़ सकती है।
3. सुरक्षा का ध्यान: दिवाली खुशियों, रोशनी और मां लक्ष्मी के स्वागत का त्यौहार है, इसे पूरी सावधानी के साथ मनाएं।
