जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस पद की शपथ ली

पंजाब सरकार के भारी विरोध के बीच जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा बने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस, राजभवन में ली शपथ

Spread the love

​चंडीगढ़ (न्यूज़ रूम) | पंजाब दस्तक
सुरेंद्र राणा, ब्यूरो चीफ:


​पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। पंजाब सरकार के कड़े एतराज और विरोध के बीच जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा ने आज पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।


​राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने दिलाई शपथ
शपथ ग्रहण समारोह पंजाब राजभवन (गवर्नर हाउस) में आयोजित किया गया, जहाँ पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने जस्टिस अश्विनी कुमार मिश्रा को पद की शपथ दिलाई। इस गरिमामय समारोह में हरियाणा के राज्यपाल असीम घोष, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा पंजाब के मुख्य सचिव के.पी. सिन्हा सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक व न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।


​पंजाब कैबिनेट ने पारित किया था विरोध प्रस्ताव
जस्टिस मिश्रा की नियुक्ति को लेकर पंजाब सरकार ने पुरजोर विरोध जताया था। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में रविवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में इस नियुक्ति के खिलाफ एक औपचारिक प्रस्ताव पारित किया गया था। कैबिनेट ने मांग रखी थी कि जब तक राज्य सरकार की विधिवत सहमति नहीं मिल जाती, तब तक शपथ ग्रहण समारोह को स्थगित रखा जाए।


​तय प्रक्रियाओं की अनदेखी का आरोप
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, कैबिनेट ने आरोप लगाया कि इस महत्वपूर्ण न्यायिक नियुक्ति में निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। सरकार का कहना है कि राज्य से इस संबंध में राय तो मांगी गई थी, लेकिन सरकार का आधिकारिक जवाब पहुंचने से पहले ही केंद्र की ओर से नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी गई। पंजाब सरकार ने इसे सीधे तौर पर राज्य के अधिकारों और पंजाब की अनदेखी करार दिया है।


​ऐसी ही निष्पक्ष और ताज़ा खबरों के लिए देखते रहें पंजाब दस्तक। लाइक करें, फॉलो करें और सब्सक्राइब करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *