पंजाब दस्तक — विशेष रिपोर्ट
रिपोर्ट: उमांश (कुल्लू)
(पंजाब दस्तक)
कुल्लू / हिमाचल प्रदेश:
देवभूमि हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जल शक्ति विभाग में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता (JE) लाभ सिंह गुलेरिया की अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से लिंचिंग कर दी। गंभीर चोटों के कारण जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए आखिरकार रविवार सुबह AIIMS बिलासपुर में JE ने दम तोड़ दिया। इस खौफनाक हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
कॉल के बाद गायब हुए JE, सब्जी के खोखे के पास मिले खून से लथपथ!
पंजाब दस्तक को मिली जानकारी के मुताबिक, खोला-नाला निवासी लाभ सिंह बीते शुक्रवार को रोजाना की तरह ड्यूटी पर गए थे।
रात 11 बजे आखिरी फोन: लाभ सिंह ने परिजनों को फोन कर बताया कि पेरिडी पुल के पास दुर्घटना हुई है और वे जल्द घर पहुँच रहे हैं।
संदेहास्पद स्थिति: काफी देर तक जब वे घर नहीं पहुँचे, तो घबराए परिजनों ने आधी रात को ही तलाश शुरू की।
दहशतनाक मंजर: रोटरी आई अस्पताल के पास उनकी स्कूटी तो सुरक्षित खड़ी मिली, लेकिन उससे महज 50 मीटर दूर—अपने ही कार्यालय के पास एक सब्जी के खोखे के पीछे लाभ सिंह मरणासन्न और अचेत अवस्था में पड़े मिले।
AIIMS बिलासपुर में तोड़ा दम, परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप
परिजन तुरंत उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल AIIMS बिलासपुर रेफर कर दिया। लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद रविवार सुबह कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह ने अंतिम सांस ली। परिजनों ने सीधा आरोप लगाया है कि दफ्तर से लौटते वक्त घात लगाकर बैठे अज्ञात बदमाशों ने उनकी बेरहमी से पिटाई की और हत्या को अंजाम दिया।
पुलिस कप्तान का दावा — ‘जल्द सलाखों के पीछे होंगे कातिल’
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतक की पत्नी कांता देवी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और दावा किया गया है कि कातिलों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
पंजाब दस्तक की अपील:
ऐसी ही सनसनीखेज, निष्पक्ष और ग्राउंड रिपोर्ट देखने के लिए ‘पंजाब दस्तक’ को लाइक, शेयर और फॉलो जरूर करें।
अगर आपके पास भी क्षेत्र से जुड़ी कोई बड़ी खबर, वीडियो या जनसमस्या है, तो पंजाब दस्तक के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9418480488 पर तुरंत भेजें।
पंजाब दस्तक — सच की पहचान, जनता के साथ।
