शिमला के जाखू मंदिर में भगवान हनुमान जी के दर्शन करते सांसद अनुराग ठाकुर

शिमला में अनुराग ठाकुर का महा-स्वागत: जाखू हनुमान जी के दर पर टेका माथा; बोले- ‘मोदी सरकार के 12 साल बेमिसाल, देश छू रहा नई ऊंचाइयां’

Spread the love

सुरेंद्र राणा
पंजाब दस्तक

शिमला: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज शिमला प्रवास के दौरान विश्व प्रसिद्ध जाखू मंदिर में भगवान हनुमान जी के चरणों में शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर उनके साथ पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, शिमला विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी संजय सूद सहित भारतीय जनता पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता विशेष रूप से मौजूद रहे। जाखू पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने अनुराग ठाकुर का ऐतिहासिक व भव्य स्वागत किया। देवभूमि के इस कद्दावर नेता के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी उत्साह और खुशी की लहर देखी गई।


​’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत दिया पर्यावरण संदेश
जाखू हनुमान जी के दर्शन करने के उपरांत अनुराग ठाकुर ने पर्यावरण संरक्षण का बड़ा संदेश देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “शिमला आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु यदि जाखू मंदिर में बजरंगबली के दर्शन नहीं करता, तो उसकी यात्रा अधूरी मानी जाती है। यह पावन स्थान केवल अगाध आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और सकारात्मक ऊर्जा का भी सबसे बड़ा प्रतीक है।” उन्होंने बताया कि हनुमान जी के चरणों में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा विकसित भारत के संकल्प की पूर्ण सफलता के लिए विशेष प्रार्थना की है।


​10वें से 5वें पायदान पर पहुंचा भारत, वैश्विक मंच पर बढ़ा मान: अनुराग ठाकुर
एक प्रश्न के उत्तर में सांसद अनुराग ठाकुर ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर बेबाकी से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के ये 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के स्वर्णिम अध्याय रहे हैं। वर्ष 2014 में भारत जहां दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, वहीं आज मोदी जी की नीतियों की बदौलत भारत विश्व की 5वीं सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती हुई प्रमुख अर्थव्यवस्था बन चुका है। पिछले एक दशक में 25 करोड़ से अधिक नागरिक गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और करोड़ों परिवारों को पक्का घर, गैस कनेक्शन, शौचालय, बैंक खाते, नल से जल और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं मिली हैं।


​उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने कोविड जैसी वैश्विक महामारी का सफलतापूर्वक सामना किया, दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाया, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को नई गति दी और डिजिटल इंडिया के माध्यम से शासन व्यवस्था में पारदर्शिता लाई। जी-20 की सफल अध्यक्षता कर भारत का वैश्विक सम्मान बढ़ाया तथा ‘इंडिया फर्स्ट’ की नीति के साथ हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाया। आज भारत वैश्विक संकटों का समाधान प्रस्तुत करने वाला विश्व का सबसे विश्वसनीय राष्ट्र बनकर उभरा है।


​हिमाचल के विकास पर ‘पंजाब दस्तक’ के सवाल का अनुराग ठाकुर ने दिया करारा जवाब
पहाड़ी राज्य हिमाचल में कनेक्टिविटी और ढांचागत विकास को लेकर ‘पंजाब दस्तक’ द्वारा पूछे गए एक विशेष सवाल का जवाब देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश को विकास की अभूतपूर्व सौगातें मिली हैं। एम्स बिलासपुर, नए मेडिकल कॉलेज, राष्ट्रीय राजमार्गों का व्यापक विस्तार, रेलवे और सड़क संपर्क को मजबूत करने वाली परियोजनाएं, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं से आज हिमाचल के लाखों परिवार सीधे तौर पर लाभान्वित हुए हैं।


​उन्होंने विशेष रूप से ‘पंजाब दस्तक’ को जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में ही हिमाचल के लिए 2,47 करोड़ रुपये की लागत से 294 ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिसमें लगभग 2,019 करोड़ रुपये का भारी-भरकम केंद्रीय अंश शामिल है। उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल के विकास के लिए लगातार आर्थिक सहयोग और सहायता दे रही है। हाल के वर्षों में आपदा, पूंजीगत निवेश और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए केंद्र ने सैकड़ों करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसके अतिरिक्त अब वित्त आयोग के माध्यम से करों में हिस्सेदारी और अन्य केंद्रीय सहायता के रूप में भी हिमाचल को लगातार सहयोग मिल रहा है।


​यूसीसी और पाकिस्तान पर दिया कड़ा बयान
यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) पर पूछे गए प्रश्न का उत्तर देते हुए अनुराग ठाकुर ने स्पष्ट किया कि समान नागरिक संहिता भारतीय जनता पार्टी का एक स्पष्ट संकल्प है। देवभूमि उत्तराखंड से इसकी शुरुआत हो चुकी है और आने वाले समय में अन्य राज्यों में भी इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। वहीं, पाकिस्तान के मुद्दे पर उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पाकिस्तान लगभग हर क्षेत्र में एक विफल राष्ट्र साबित हुआ है। यदि वह किसी क्षेत्र में सफल है, तो वह केवल आतंकवाद को बढ़ावा देने में है। अपनी आंतरिक विफलताओं और अव्यवस्थाओं का ठीकरा भारत पर फोड़ना उसकी पुरानी आदत बन चुकी है।


​पंजाब दस्तक की अपील:
देश, दुनिया और अपने राज्य की हर छोटी-बड़ी और विश्वसनीय खबर सबसे पहले पाने के लिए ‘पंजाब दस्तक’ को अभी सब्सक्राइब करें और हमारे सोशल मीडिया पेजों को फॉलो करना न भूलें। आपकी आवाज, हमारी पहचान!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *