शिमला (सुरेंद्र राणा):
केंद्र की मोदी सरकार ने हिमाचल प्रदेश के हित में ₹2352 करोड़ की लागत वाले ‘चिनाब-ब्यास लिंक टनल प्रोजेक्ट’ को मंज़ूरी दे दी है। इस महत्वपूर्ण रणनीतिक प्रोजेक्ट पर काम भी शुरू हो गया है, जिसका हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने स्वागत किया है।
पाकिस्तान जाने वाला पानी अब भारत के आएगा काम
इस परियोजना के तहत लाहौल-स्पीति में 8.7 किलोमीटर लंबी टनल का निर्माण किया जाएगा। इसके जरिए चिनाब की सहायक नदी ‘चंद्रा’ के अतिरिक्त पानी को ब्यास नदी में मोड़ा जाएगा। इससे जो पानी बहकर पाकिस्तान चला जाता था, उसका इस्तेमाल अब भारत में ही हो सकेगा।
हिमाचल को मिलेगी 4000 मेगावाट अतिरिक्त बिजली

इस प्रोजेक्ट से हिमाचल प्रदेश में चल रहे हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स की क्षमता बढ़ेगी, जिससे राज्य को लगभग 4,000 मेगावाट अतिरिक्त बिजली मिलेगी। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान को सिंचाई व पीने का पानी मिलेगा। इसका काम NHPC द्वारा किया जा रहा है।
सांसद अनुराग ठाकुर ने जताया आभार
सांसद अनुराग ठाकुर ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह देश की जल और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने वाला क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने इस बड़ी सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।
ताज़ा खबर देखते रहने के लिए ‘पंजाब दस्तक’ को सब्सक्राइब करें। हमारे चैनल को फेसबुक और यूट्यूब पर ज़रूर फॉलो करें।
