चिट्टा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, परवाणू पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Spread the love

सोलन, ओमांश:नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत परवाणू पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चिट्टा तस्करी से जुड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। मामले में अब तक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें से तीन आरोपियों की गिरफ्तारी बैकवर्ड लिंकज के आधार पर की गई है। पुलिस थाना परवाणू में दर्ज मामले की जांच के दौरान अब तक आरोपियों से कुल 20 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया है। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कॉल डिटेल रिकार्ड, बैंक ट्रांजेक्शन, डिजिटल साक्ष्य और अन्य तकनीकी जानकारियों का विश्लेषण किया। विश्लेषण में यह सामने आया कि पंजाब का एक अन्य व्यक्ति भी इस अवैध नेटवर्क में सक्रिय रूप से शामिल है और नशा तस्करी गतिविधियों से जुड़ा हुआ है। परवाणू पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए विभिन्न संभावित स्थानों पर दबिश दी और तकनीकी निगरानी के माध्यम से आरोपी पर नजर रखी।आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट शिमला में अग्रिम जमानत याचिका दायर की, जिसे न्यायालय ने पुलिस द्वारा प्रस्तुत तथ्यों और साक्ष्यों को देखते हुए खारिज कर दिया। अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई और तेज कर दी। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप 20 मई को पुलिस थाना परवाणू की टीम ने आरोपी कुलदीप सिंह (24) पुत्र हरभजन सिंह, निवासी छूंगराय नॉर्थ, तहसील गुरुहरसहाय, फिरोजपुर (पंजाब) को सोलन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक गिरफ्तार सभी आरोपी बाहरी राज्यों, विशेष रूप से पंजाब और चंडीगढ़ से संबंधित हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक एसडी वर्मा ने बताया कि परवाणू पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पंजाब से एक और आरोपी की गिरफ्तारी इस नेटवर्क को तोडऩे की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम है। अवैध गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *