शिमला, सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से मौसम के मिजाज बदल गए हैं और राज्य में अब तीन दिनों तक मौसम साफ रहने का मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वानुमान जारी किया है। इसके साथ ही राज्य में एक बार फिर 11 और 12 मई को आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इन दो दिनों में कई स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गर्जन और बारिश हो सकती है। इससे पहले भी राज्य में पिछले चार दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है और मई में फरवरी जैसी ठंड महसूस की जा रही है।प्रदेश के जनजातीय इलाकों, खासकर लाहुल-स्पीति में न्यूनतम तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है। ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी भी हुई है, जिससे औसतन न्यूनतम तापमान में करीब 3.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। खासकर सेब और अन्य गुठलीदार फलों पर इसका असर पड़ा है। निचले इलाकों में गेहूं की कटाई और थ्रैशिंग का काम प्रभावित हुआ है और कई जगह भीगने से फसल खराब हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। आठ से दस मई तक मौसम शुष्क रहेगा।
