शिमला, सुरेंद्र राणा, पांच राज्यों के चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिमला में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप राठौर ने कहा कि एसआईआर के नाम पर वोट काटे जाना बीजेपी की जीत का बड़ा कारण रहा। चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि ईडी, सीबीआई के बाद अब आयोग भी बीजेपी के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इसको लेकर तथ्यों पर बात करते हैं, इसलिए बीजेपी उन पर मुकदमा तक नहीं कर पा रही। कुलदीप राठौर ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग का काम स्वतंत्र चुनाव कराना है, लेकिन विपक्ष लगातार उसकी भूमिका पर सवाल उठा रहा है। बीजेपी एक-दो राज्य पकड़कर पूरी ताकत लगाती है और हथकंडे अपनाकर जीत हासिल करती है। उन्होंने कहा कि पंजाब में सांसद तोड़े गए, बिहार और महाराष्ट्र में भी बीजेपी ने ऐसे ही सत्ता हासिल की। जो बीजेपी के साथ चल रहे हैं, वो भी सुरक्षित नहीं हैं। केरल की जनता पढ़ी-लिखी है, वहां मुद्दों पर चुनाव होते हैं, सांप्रदायिक मुद्दों पर नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में अर्धसैनिक बलों का दुरुपयोग किया गया। विपक्ष के लोगों को वोट देने से रोका गया। चुनावों में महंगाई, बेरोजगारी मुद्दा नहीं था।कमर्शियल गैस के दाम बढ़ गए, पेट्रोल-डीजल सौ के पार है, लेकिन ये मुद्दे नहीं बने। राठौर ने कहा कि अमेरिका इंडिया का अपमान कर रहा है, पड़ोसी देशों से संबंध ठीक नहीं हैं। लेकिन सरकार का उद्देश्य दूसरों की सरकार गिराकर अपनी बनाना है। जिस तरह चुनाव लड़े जा रहे हैं, उससे लोकतंत्र पर संकट है। कांग्रेस इसके खिलाफ लड़ाई लड़ेगी। वहीं केरलम में जीत को लेकर राठौर ने कहा कि वहां मुद्दों पर चुनाव होते हैं, सांप्रदायिकता पर नहीं। असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा की भाषा शैली पर भी सवाल उठाए और कहा कि वह गटर वाली भाषा और गली के मवाली की तरह बोल रहे हैं। कांग्रेस लोकतंत्र बचाने के लिए लड़ाई लड़ेगी।
