एग्जिट पोल: असम-पुड्डुचेरी में रिपीट करने के साथ बंगाल में सत्ता में आने की उम्मीद, तमिलनाडु में डीएमके और केरल में कांग्रेस आगे

Spread the love

पंजाब दस्तक, सुरेन्द्र राणा:पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार शाम को जारी एग्जिट पोल में भाजपा 3-2 से यह मुकाबला जीतती नजर आ रही है। एग्जिट पोल्स के अनुसार भाजपा नीत एनडीए असम और पुड्डुचेरी में अपनी सरकार रिपीट करता नजर आ रहा है, वहीं पश्चिम बंगाल में भी भगवा पार्टी पहली बार सत्ता का स्वाद लेती नजर आ रही है। उधर, तमिलनाड़ में जहां स्टालिन की डीएमके फिर से सत्ता में आती दिख रही है, वहीं केरल में कांग्रेस नीत यूडीएफ गठबंधन सरकार बनाता दिख रहा है। इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा नजर पश्चिम बंगाल के चुनाव पर थी और भाजपा के सभी बड़े नेताओं ने ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। इस मेहनत का फल भी उन्हें मिलता नजर आ रहा है। जनमत पोल्स और पीपल्स पोल्स के सर्वे को छोड़ दें, तो सभी एजेंसियों के सर्वे में भाजपा को पहली बार बंगाल की सत्ता मिलती दिख रही है। पश्चिम बंगाल में सामने आए आठ प्रमुख सर्वे में से छह में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्ण बहुमत के साथ राज्य में अपनी पहली सरकार बनाती दिख रही है। प्रजा पोल के सर्वे में तो भाजपा को सबसे बड़ी जीत (178-208 सीटें) मिलने का अनुमान लगाया गया है। इसके अलावा पोल डायरी, पी-मारक्यू, मैट्रिज, चाणक्य स्ट्रैटजीज और जेवीसी ने भी भाजपा को सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर स्पष्ट बढ़त दी है और बहुमत के आंकड़े के पार रखा है।इन छह एजेंसियों के रुझानों से साफ संकेत मिल रहा है कि लंबे समय से सत्ता पर काबिज तृणमूल को इस बार करारी शिकस्त का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि दो एग्जिट पोल्स ऐसे भी हैं, जो पूरी तरह से अलग कहानी बयां कर रहे हैं और तृणमूल के लिए बड़ी राहत लेकर आए हैं। जनमत पोल्स और पीपल्स पल्स के सर्वे में तृणमूल की सत्ता में शानदार वापसी का दावा किया गया है। जनमत पोल्स के अनुसार तृणमूल 195-205 सीटें जीतकर फिर से अपनी सरकार बना सकती है, जबकि इस सर्वे में भाजपा को 80-90 सीटों पर ही समेट दिया गया है। वहीं पीपल्स पल्स ने भी तृणमूल को 177-187 सीटें और भाजपा को 95-110 सीटें दी हैं। कुल मिलाकर एग्जिट पोल्स के ये विरोधाभासी आंकड़े बंगाल में एक बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर का इशारा कर रहे हैं, जिसका असली फैसला मतगणना के दिन ही होगा। अन्य राज्यों की बात की जाए, तो मैट्रिज के आंकड़ों के अनुसार केरल में यूडीएफ बाजी मार सकती है।केरल में यूडीएफ 70 से 75 सीटें और 41.7 फीसदी वोट शेयर हासिल कर सबसे आगे रह सकती है। सत्ताधारी एलडीएफ को 60 से 65 सीटें (39.5 फीसदी वोट शेयर) मिलने का अनुमान है। एनडीए को तीन से पांच सीटें (13.4 फीसदी वोट शेयर) और अन्य को दो से चार सीटें (5.4 फीसदी वोट शेयर) मिल सकती हैं। इसी तरह तमिलनाडु में फिर डीएमके को बढ़त मिलती दिख रही है।

मैट्रिज के अनुसार तमिलनाडु में सत्ताधारी डीएमके गठबंधन एक बार फिर 122 से 132 सीटें (40.3 फीसदी वोट शेयर) हासिल कर बढ़त बनाए हुए। एआईएडीएमके गठबंधन को 87 से 100 सीटों (37.1 फीसदी वोट शेयर) के साथ दूसरे स्थान पर रहने की उम्मीद है। इसके अलावा, अभिनेता विजय की टीवीके को 10 से 12 सीटें (17.5 फीसदी वोट) मिलने का अनुमान है। अन्य के खाते में शून्य से छह सीटें (5.1 फीसदी वोट) आ सकती हैं। हालांकि तमिलनाडु में जेवीसी के सर्वे में अभिनेता विजय की सत्ता में आने की पूरी संभावना जताई जा रही है। उधर, असम में फिर से भाजपा सरकार आने के पूरे आसार हैं। मैट्रिज के आंकड़ों के अनुसार असम में भाजपा गठबंधन 85 से 95 सीटें हासिल करके काफी मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है और उसे 45.5 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है। वहीं, मुख्य विपक्षी कांग्रेस गठबंधन 25 से 32 सीटों (39.8 फीसदी वोट शेयर) तक ही सीमित रह सकता है। राज्य में अन्य पार्टियों को छह से 12 सीटें और 14.7 फीसदी वोट शेयर मिलने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *