कृषि विश्वविद्यालय के 30 को दीक्षांत समारोह में पहली बार महामहिम के हाथों सम्मानित होंगे होनहार

Spread the love

कांगड़ा, काजल: 1978 में स्थापित प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय की करीब पांच दशक की यात्रा में 30 अप्रैल को एक नया इतिहास रचा जाएगा। 30 अप्रैल को प्रदेश कृषि विवि में 17वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जा रहा है। खास बात यह है कि प्रदेश कृषि विवि के दीक्षांत समारोह में पहली बार देश की राष्ट्रपति बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी। कृषि विवि ने इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। विवि ने इस आयोजन के लिए करीब 20 कमेटियों का गठन किया है। विवि ने ने दीक्षांत समारोह में शिरकत करने वाले उपाधि धारकों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। समारोह में व्यक्तिगत रूप से शामिल होने वाले छात्रों से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद गूगल फार्म भरने को कहा गया था। दीक्षांत समारोह में भाग लेने वाले पूर्व छात्रों व छात्राओं के लिए एक खास ‘ड्रेस कोड’ निर्धारित किया गया है।

निर्धारित पोशाक के बिना किसी भी छात्र को दीक्षांत समारोह में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति यहां पर करीब 50 मिनट रहेंगी और इस दौरान वह छात्रों व मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगी। इस दीक्षांत समारोह के दौरान पहली सितंबर, 2018 से 31 अगस्त, 2023 के बीच अपनी पढ़ाई पूरी करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी स्तर के मेधावी छात्र शामिल होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मेधावी छात्र-छात्राओं को अपने हाथों से डिग्री और स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी। दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले छात्रों को राष्ट्रपति उपाधि प्रदान करेंगी। बताया जा रहा है कि गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले छात्रों की संख्या 20 के आसपास होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *