शिमला, सुरेंद्र राणा,शिमला में कमला नेहरू अस्पताल से गायनी OPD को IGMC शिफ्ट करने के फैसले का लगातार विरोध हो रहा है। जनवादी महिला समिति ने इस निर्णय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और सरकार से इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग को लेकर कमला नेहरू अस्पताल के बाहर 24 घंटे का धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
जनवादी महिला समिति की राज्य सचिव फालमा चौहान ने कहा कि कमला नेहरू अस्पताल में प्रसूति और गायनी सेवाएं एक-दूसरे की पूरक हैं, ऐसे में OPD को शिफ्ट करना महिलाओं के हित में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जल्दबाजी में यह फैसला लिया है, जबकि अस्पताल 100 साल से अधिक समय से महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देता आ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार को नई सुविधाएं जैसे रोबोटिक सर्जरी, स्मार्ट लैब या IVF सेंटर शुरू करने हैं, तो इन्हें इसी अस्पताल में शुरू किया जाना चाहिए, न कि सेवाओं को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया जाए। कहा कि IGMC में पहले से ही जगह और सुविधाओं की कमी है, जहां महिलाओं को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ेगा और जांच के लिए अलग-अलग तारीखें लेनी होंगी।
जनवादी महिला समिति ने 24 घंटे का धरना शुरू कर दिया है और चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने फैसला वापस नहीं लिया तो 30 अप्रैल को IGMC के बाहर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा, तब भी सरकार ने फैसला न बदला तो सचिवालय कूच किया जायेगा।
