शिमला, सुरेंद्र राणा:कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में गुरूवार को पार्टी का जनरल हाउस होगा। जिसकी अध्यक्षता हिमाचल कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार करेंगे। जबकि कांग्रेस की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ-साथ मंत्रिमंडल सदस्य और सह प्रभारी चेतन चौहान व विदित चौधरी भी मौजूद रहेंगे। वहीं सभी जिलों के अध्यक्ष और अग्रणी संगठनों के प्रदेश प्रमुखों को भी इस आमसभा में बुलाया गया है। पीसीसी के गठन के बाद यह पहला मौका है,जब पार्टी का जनरल हाउस हो रहा है। जिसमें संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के लिए चर्चा कर अहम फैसले लिए जाएंगे। वहीं प्रदेश में लंबे समय से लटके जिला कार्यकारिणी विस्तार और ब्लॉक अध्यक्षों के चयन को लेकर भी आमसभा में चर्चा होगी।विधानसभा चुनावों को लेकर भी तैयार होगा रोडमैपआमसभा में महिला आरक्षण बिल के अलावा परिसीमन पर चर्चा हो सकती है। वहीं, प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय नगर निकायों के चुनाव भी होने हैं। आमसभा में इस पर चर्चा कर रणनीति बनाई जाएगी और इसी दौरान पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे। माना जा रहा है कि आमसभा में अगले वर्ष राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भी रोडमैप तैयार किया जाएगा। वहीं धरातल पर संगठन को उतारने के लिए अहम फैसले भी लिए जाएंगे। बताया जा रहा है कि आमसभा में प्रभारी रजनी पाटिल की मौजूदगी में जिला अध्यक्षों के साथ इस मुद्दे पर मंथन होगा और इसमें ही सहमति की मुहर भी लगेगी। इस बीच संगठन में यह भी चर्चा है कि प्रदेश के कुछ प्रभावशाली नेताओं ने जिला अध्यक्ष के बजाय सीधे तौर पर ही ब्लॉक अध्यक्ष के नाम भेजे है। ऐसे में इस मुद्दे पर भी आमसभा में चर्चा होने की प्रबल संभावना है। वहीं रजनी पाटिल जिला अध्यक्षों से अब तक हुए कार्यो को लेकर फीडबैक भी लेगी। विशेषकर मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत प्रदेश भर में आयोजित की गई गतिविधियों का ब्यौरा भी प्रदेश प्रभारी आमसभा में लेगी।
