शिमला, सुरेंद्र राणा: मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना रोहड़ू के तहत कार्रवाई करते हुए 9.17 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, वहीं जांच के दौरान मुख्य सप्लायर को भी पकड़ लिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 9.17 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान सार्थक पुत्र संदीप सूद, निवासी समाला, तहसील रोहड़ू, जिला शिमला के रूप में हुई। इस पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों, मोबाइल फोन और टेलीकॉम रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि रोहड़ू और चिड़गांव क्षेत्र में चिट्टा तस्करी का संगठित नेटवर्क सक्रिय है।
तकनीकी जांच के आधार पर इस गिरोह के मुख्य सप्लायर के रूप में अमित गुप्ता, निवासी बाराबांकी (लखनऊ) की पहचान हुई। वह लखनऊ में रहकर स्थानीय युवकों के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर कम मात्रा में चिट्टा रखवाकर इसकी सप्लाई करता था।
पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लखनऊ गई, लेकिन वह फरार हो गया। इसके बाद लगातार प्रयासों के बाद 11 अप्रैल 2026 को आरोपी अमित गुप्ता को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 14 अप्रैल 2026 तक का रिमांड हासिल किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
