मोहाली, सुरेन्द्र राणा: वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने फेज-11 मोहाली के निवासियों को भेजे जा रहे लाखों रुपए के अवैध बिजली बिलों के मुद्दे पर एक तीखी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस मामले पर पंजाब सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों ने आम लोगों को गंभीर आर्थिक संकट में डाल दिया है। सिद्धू ने कहा कि बिजली विभाग द्वारा लोगों के घरों में लाखों रुपए के अवैध बिल भेजे जा रहे हैंए जो सीधे तौर पर सरकार की नाकामी और लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ गलती नहीं, बल्कि एक सोची समझी लूट है। उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि सरकार की घोर लापरवाही के कारण लोगों को 4-5 महीनों तक बिजली के बिल जानबूझकर नहीं भेजे गए, ताकि बाद में एक साथ भारी भरकम बिल भेजकर लोगों पर आर्थिक बोझ डाला जा सके। सिद्धू ने कहा कि यह जीरो बिल, नहीं बल्कि हीरो से जीरो बनी सरकार की नाकाम नीति है, जिसने लोगों को राहत देने के बजाय उन पर बोझ बढ़ा दिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिजली विभाग के दफ्तरों में लोगों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
लोग अपनी समस्याओं को लेकर दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिल रहा। सिद्धू ने कहा कि कई घरों में बिना किसी ठोस कारण के मीटर उतारे जा रहे हैं, जो सरकार की तानाशाही और मनमानी को दर्शाता है। उन्होंने मीडिया के सामने स्पष्ट सबूतों के साथ 888330 से लेकर 9 लाख तक के बिजली बिल पेश करते हुए कहा कि ऐसे अवैध बिल सीधे आम लोगों के घरों में भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी राशि का भुगतान करना किसी भी आम परिवार के लिए न सिर्फ मुश्किल, बल्कि असंभव है। सिद्धू ने कहा कि पंजाब सरकार हर तरफ से लोगों को लूटने में लगी हुई है और उनकी बुनियादी जरूरतों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने तुरंत इन अवैध बिजली बिलों को रद्द कर लोगों को राहत नहीं दीए तो कांग्रेस पार्टी सडक़ों पर उतरकर बड़े स्तर पर धरना प्रदर्शन करेगी। अंत में सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोगों के हकों के लिए खड़ी रही है और आगे भी हर अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।
