शिमला, सुरेंद्र राणा।हिमाचल प्रदेश में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं से जुड़ी कर्मचारी यूनियन एक बार फिर हड़ताल पर हैं। बीती रात 8 बजे से शुरू हुई यह हड़ताल अगले पांच दिनों तक जारी रहेगी। हड़ताल के चलते प्रदेश भर में एंबुलेंस सेवाएं पूरी तरह से प्रभावित हो गई हैं। आज राजधानी शिमला में राज्य सचिवालय के बाहर सीटू के बैनर तले सैकड़ों कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं और अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं। प्रदेश के 108 और 102 एंबुलेंस यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर 132 घंटे यानी 11 अप्रैल तक हड़ताल रहेगी। बीती रात से ही एंबुलेंस सेवाएं ठप पड़ी हैं, जिससे आगामी दिनों में आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।कर्मचारी न्यूनतम वेतन लागू करने, कंपनी के द्वारा कुछ कर्मचारियों को निकालना, श्रम कानूनों और न्यायालय के आदेशों को लागू करने तथा कर्मचारियों की कथित प्रताड़ना बंद करने की मांग कर रहे हैं।हड़ताल के तहत सैकड़ों कर्मचारी शिमला के छोटा शिमला स्थित राज्य सचिवालय के बाहर 5 दिन-रात डेरा डालेगे।यूनियन के आह्वान पर यह प्रदेशव्यापी हड़ताल की जा रही है, जिसके चलतेआपातकालीन सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है।यूनियन के महासचिव बालक राम ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी जायज़ मांगों को उठा रहे हैं, लेकिन सरकार ओर कंपनी की ओर से अब तक कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि श्रम कानूनों और न्यायिक आदेशों की अनदेखी की जा रही है, कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन नहीं मिल रहा और उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों को नहीं माना गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
