शिमला, सुरेन्द्र राणा:एंट्री टैक्स में बढ़ोतरी को लेकर हिमाचल में सियासी घमासान मचा हुआ है। टैक्स को लेकर एक तरफ विपक्ष सरकार को घेरने में जुटा है। भाजपा ने आज सदन के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, वहीं इस मुद्दे को सदन के अंदर भी उठाया। दूसरी ओर पंजाब की एंट्री प्वाइंट्स पर लोगों ने विरोध में एंट्री बंद करने का ऐलान किया है। इस पर मुख्यमंत्री ने भी सरकार का रुख स्पष्ट किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एंट्री टैक्स पहले से ही भाजपा और अन्य सरकारों के समय से लागू है, लेकिन अब बढ़ोतरी पर विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इसे घटाने की बात होगी तो सरकार इसका युक्तिकरण करेगी। साथ ही इस मुद्दे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से भी बातचीत की जाएगी।
वहीं रोबोटिक सर्जरी मशीन की खरीद और इससे इलाज को लेकर उठ रहे सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि रोबोटिक सर्जरी गरीब आदमी की पहुंच में भी आए। उन्होंने कहा कि सामान्य सर्जरी में भी लगभग 30 हजार रुपये खर्च आता है, जबकि रोबोटिक सर्जरी में गरीब मरीजों के लिए 30 हजार तक शुल्क रखा गया है और करीब 70 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। लंबे समय से चली आ रही पारंपरिक व्यवस्था को अब नई तकनीक से बदला जा रहा है।
