विधायक डीएस ठाकुर बोले- सुविधाएं नहीं दे सकते तो हमें जम्मू-कश्मीर में मिला दो, जानें पूरा मामला

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान डलहौजी से विधायक डीएस ठाकुर ने लंगेरा और सलूणी से टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए बस सेवा शुरू करने का प्रश्न उठाया। उत्तर में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार चंबा मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ कर रही है। 10 से 12 रुपये कमाई करने वाले रूटों पर बसें चलाना मुश्किल है, हमें निगम की माली हालत भी देखनी है। इस पर डीएस ठाकुर ने कहा कि अगर सरकार परिवहन की बुनियादी सुविधा भी नहीं दे सकती तो हमें जम्मू-कश्मीर के साथ ही जोड़ दिया जाए। इस पर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वैसे तो मेरे क्षेत्र की सीमाएं भी पंजाब से लगती है तो क्या पंजाब से जुड़ जाएं। डलहौजी से चंबा के लिए 6 बसें चलती हैं और चंबा से पूरे प्रदेश के लिए बस सेवा उपलब्ध है।

चुराह से विधायक हंसराज ने अनुपूरक प्रश्न उठाते हुए कहा कि सरकार ने चंबा के कई रूट बंद कर दिए हैं, विधायक आग्रह कर रहे हैं तो ट्रायल के तौर पर ही बस सेवा शुरू की जा सकती है। डीएस ठाकुर ने कहा कि चंबा में चल रही 110 में से 70 बसें 15 साल पुरानी हैं, कहीं भी खड़ी हो जाती हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा पुरानी बसों को रूटों से हटाने का तय फार्मूला है। विधायकों ने नए रूटों पर बसें चलाने का शौक बना दिया है। चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए हमारी बसें खाली चल रही हैं। अब चंडीगढ़-दिल्ली रूट पर एक समय में एक बस पैक होकर चलेगी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अनुपूरक प्रश्न उठाते हुए कहा कि कल्याणकारी राज्य में जनहित देखते हुए भी बसें चलानी पड़ती है। सत्ता पक्ष के विधायकों के डीओ पर बसें चलाई जा रही हैं। आपदा के बाद मेरे विधानसभा क्षेत्र की अधिकतर बसें बंद कर दी गई हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इनके क्षेत्र में आपदा इस स्तर की थी कि बसें बंद करनी पड़ीं। बसें देने में कोई भेदभाव नहीं हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *