दिल्ली: राज्यसभा में 59 सांसदों की विदाई के दौरान बुधवार को विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खडग़े ने अपने मजाकिया अंदाज से सबको लोटपोट कर दिया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले पर ऐसी बातें कहीं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। सदन को संबोधित करते हुए खडग़े ने देवेगौड़ा पर तंज कसते हुए कहा कि मैं देवेगौड़ा को 54 वर्षों से जानता हूं। उनके साथ ही मैंने काम किया, लेकिन क्या हुआ मुझे मालूम नहीं। उन्होंने प्रेम हमारे साथ किया, मोहब्बत हमारे साथ किया और शादी मोदी साहब के साथ कर ली। यह जल्दी में ही हुआ, कैसे हुआ, मुझे मालूम नहीं। खडग़े की इस बात पर पीएम मोदी सहित पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा।
इसके बाद उन्होंने रामदास अठावले पर भी मजाकिया अंदाज में निशाना साधा। खडग़े ने हंसते हुए कहा कि अठावले अपनी कविताओं में हमेशा पीएम मोदी की तारीफ करते हैं। लगता है कि अठावले को मोदी जी की तारीफ के अलावा कोई और कविता आती ही नहीं है, जिससे सदस्यों के बीच फिर से हंसी की लहर दौड़ गई। इस सबके बीच खडग़े ने एक बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि राजनीति या सार्वजनिक जीवन में लोग न तो कभी थकते हैं और न ही सेवानिवृत्त होते हैं।
