शिमला, सुरेन्द्र राणा: समग्र रैंकिंग में राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर पहले स्थान पर रहा, वहीं राजकीय महाविद्यालय संजौली दूसरे और राजकीय कन्या महाविद्यालय, शिमला तीसरे स्थान पर रहा। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्ख ने मंगलवार को राज्य के 134 राजकीय महाविद्यालयों की इंटरनल रैंकिंग जारी की है। वह सचिवालय में कालेज प्रिंसीपलों के साथ बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। वहीं टियर-1 में राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर पहले, संजौली कालेज दूसरे और राजकीय कन्या महाविद्यालय, शिमला तीसरे स्थान पर रहा। टियर-2 में राजकीय महाविद्यालय भोरंज पहले, राजकीय महाविद्यालय सरस्वतीनगर (शिमला) दूसरे और राजकीय महाविद्यालय सुन्नी तीसरे स्थान पर रहा।टियर-3 में राजकीय महाविद्यालय कफोटा पहले, राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट दूसरे और राजकीय महाविद्यालय चैलकोटी तीसरे स्थान पर रहा। उच्च शिक्षा में सुधारों पर आयोजित एक दिवसीय प्रधानाचार्य सम्मेलन की के दौरान उच्च शिक्षा निदेशक अमरजीत सिंह ने कहा कि राज्य में विशिष्ट विज्ञान, कला एवं वाणिज्य महाविद्यालयों की स्थापना की जा रही है। कालेजों में वर्चुअल एवं लाइव स्ट्रीमिंग कक्षाएं भी चलाई जा रही हैं, वहीं कालेजों में शिक्षा के सुधार को लेकर डिजिटल पुस्तकालय, स्किल लैब एवं इंटर्नशिप केंद्र, प्लेसमेंट सेल एवं इनक्यूबेशन केंद्र सहित नवाचार एवं भविष्य प्रौद्योगिकी प्रयोगशालाएं भी चलाई जा रही हैं। उन्होंने घोषणा की कि आगामी शैक्षणिक सत्र से महाविद्यालयों के शिक्षक पीएचडी. पर्यवेक्षक बनने के पात्र होंगे।सीएम ने किए सम्मानितमुख्यमंत्री ने सभी शीर्ष रैंकिंग वाले कालेजों को सम्मानित किया और प्रत्येक को एक-एक लाख रुपए का चेक प्रदान किया।
