शिमला, सुरेंद्र राणा:राजधानी शिमला के थाना जुब्बल में एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक संगठित अंतर राज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जो लोकेशन-बेस्ड डिलीवरी मॉड्यूल पर कार्य कर रहा था। नौ फरवरी, 2026 को एनएच-705 पर गश्त के दौरान पुलिस टीम ने बौली नाला के समीप एक युवती को संदिग्ध अवस्था में पाया। जांच के दौरान पुलिया के नीचे से 13.46 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है। मामले की जांच को वैज्ञानिक तरीके से आगे बढ़ाते हुए पुलिस द्वारा मोबाइल डाटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), सोशल मीडिया गतिविधियों सहित विभिन्न डिजिटल साक्ष्यों का संग्रहण एवं विश्लेषण किया गया। जांच में यह महत्त्वपूर्ण खुलासा हुआ कि आरोपी युवती के तार पंजाब स्थित ड्रग तस्करों से जुड़े हुए हैं, जिनका नेटवर्क जुब्बल-रोहड़ू क्षेत्र के कुछ स्थानीय युवाओं तक फैला हुआ था।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नवीन लता का कार्य चिट्टा को विभिन्न स्थानों पर छुपाना और उन स्थानों की फोटो व वीडियो बनाकर मुख्य सप्लायर को भेजना था। इसके बाद मुख्य सप्लायर उन्हीं लोकेशनों को ग्राहकों के साथ साझा कर मादक पदार्थ की आपूर्ति सुनिश्चित करता था। पुलिस द्वारा गठित विशेष टीम ने पंजाब के मोहाली, खरड़ एवं अमृतसर में लगातार दबिश दी। सघन कार्रवाई के दौरान इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर लुकास निवासी अमृतसर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से दो मोबाइल, सात सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने बताया कि जिला पुलिस शिमला द्वारा इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए गहन जांच जारी है।
