शिमला, सुरेंद्र राणा; एक माह की ब्रेक के बाद हिमाचल विधानसभा के बजट सत्र का बुधवार से आरंभ हो रहे दूसरे चरण में 709 प्रश्नों पर सरकार जवाब देगी। इनमें 554 प्रश्न तारांकित और 155 अतारांकित शामिल हैं। सत्र के पहले चरण में विधानसभा सचिवालय को 125 प्रश्न नोटिस के माध्यम से मिले थे, इनमें 11 तारांकित तथा 169 अतारांकित शामिल थे। इस तरह से पूरे बजट सत्र के लिए सचिवालय को कुल 834 प्रश्र मिले हैं। हिमाचल विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि एक महीने की ब्रेक के बाद चौदहवीं विधानसभा के 11वें सत्र का दूसरा चरण बुधवार सुबह 11 बजे से आरंभ होगा। जिसमें 13 बैठकें आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि बजट सत्र के पहले चरण में तीन बैठकों का आयोजन हुआ था। इस तरह से इस पूरे बजट सत्र के दौरान कुल 16 बैठकें होगी।
18,19 व 20 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी। इस पर 20 मार्च को मुख्यमंत्री अपना जवाब देंगे। 21 मार्च सुबह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बजट अनुमान वित्तीय वर्ष 2026-27 को सदन में प्रस्तुत करेंगे। इसी तरह 23,24 व 25 मार्च को बजट अनुमान वित्तीय वर्ष 2026 -27 पर सामान्य चर्चा होगी, जबकि 25 मार्च को सामान्य चर्चा का समापन होगा। 27, 28 व 30 मार्च को बजट अनुमान वित्तीय वर्ष 2026-27 की मांगों पर चर्चा एवं मतदान होगा, जबकि 30 मार्च को बजट अनुमान वित्तीय वर्ष 2026-27 की मांगों पर चर्चा एवं मतदान तथा विनियोग विधेयक पूर-स्थापना, विचार- विमर्श एवं पारण होगा। 31 मार्च का दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किया गया है। 01 व 02 अप्रैल को भी शासकीय एवं विधायी कार्यो के साथ बजट सत्र का समापन होगा।
