शिमला, सुरेंद्र राणा:हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत 18 मार्च से होने जा रही है, लेकिन उससे पहले ही सियासी पारा चढ़ गया है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि यह बजट सत्र सरकार के लिए आसान नहीं रहने वाला। उन्होंने साफ कहा कि विपक्ष सदन में हर मुद्दे पर सरकार को घेरने के लिए तैयार है और सत्ता पक्ष को हर सवाल का जवाब देना होगा।
शिमला में मीडिया से बातचीत के दौरान जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था, बिगड़ती आर्थिक स्थिति और ठप पड़े विकास कार्य जैसे कई गंभीर मुद्दे हैं, जिन पर विपक्ष ने नोटिस दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास इन सवालों के जवाब नहीं हैं और वह लगातार सदन को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि पहली बार परंपराओं के खिलाफ राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा को लंबित रखा गया है, जो सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। भारतीय जनता पार्टी इन सभी मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाएगी।जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में धारा 118 के नाम पर लोगों से ठगी हो रही है, उद्योगों का पलायन जारी है और कई संस्थान बंद हो चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने एंटी करप्शन ब्यूरो और विजिलेंस को RTI के दायरे से बाहर करने के फैसले पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम को पारदर्शिता के लिए लागू किया गया था, लेकिन अब सरकार इसे कमजोर कर रही है। कुल मिलाकर, बजट सत्र में सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोक झोंक तय मानी जा रही है।
