शिमला, सुरेन्द्र राणा: शिमला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के एक मामले की जांच के दौरान अंतरराज्यीय नशा आपूर्ति नेटवर्क का खुलासा किया है । इस गिरोह के मुख्य सप्लायर को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। यह मामला पुलिस थाना कुमारसैन में 12 मार्च को दर्ज किया था। इस मामले में मादक पदार्थ संबंधी कानून के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। शुरुआती कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 12.36 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार किए आरोपियों में राहुल लारजु निवासी गांव बौंडा रामपुर, शुभम खन्ना निवासी गांव ढेऊ रामपुर और विकास मिंज निवासी तेलीगाना सुंदरगढ़ ओडिशा शामिल हैं।इन आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे मुख्य सप्लायर संजय उर्फ गांजी है, जो चंडीगढ़ के मौली जागरा कॉम्प्लेक्स का रहने वाला है। जानकारी मिलने के बाद जिला पुलिस शिमला की एक टीम तुरंत चंडीगढ़ पहुंची और वहां से संजय उर्फ गांजी को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि यह नशा कहां से लाया जा रहा था और किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।
