कांगड़ा, ओमांशी राणा: भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने धर्मशाला में आयोजित केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के नौंवे (9वें) दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और मेधावी विद्यार्थियों को उपाधियां तथा स्वर्ण पदक प्रदान किए। विश्वविद्यालय के कुलपति सत प्रकाश बंसल ने कहा कि दीक्षांत समारोह में कुल 509 विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के अंतर्गत उपाधियां प्रदान की गई, जिनमें 33 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि, शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 32 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने 12 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक तथा 8 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं, जबकि अन्य विद्यार्थियों को उपाधियां एवं स्वर्ण पदक कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा प्रदान किए गए।
विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में14 छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल से नवाजा गया। इनमें पर्यावरण विज्ञान में सच्चिदानंद, अंग्रेजी में श्रेया, हिंदी में रूपानी, गणित में शाइनी, कम्प्यूटर एप्लीकेशन में योगिंद्रा, भौतिक विज्ञान में निधि, राजनीति विज्ञान में सोनाली, समाजशास्त्र में दीक्षा, अर्थशास्त्र में अंजलि, इतिहास में पंकज, शिक्षा में कंचन, पुस्तकालय विज्ञान में रीता, दृश्य कला में अभिषेक और प्रबंधन में सुमित को स्वर्ण पदक से नवाजा गया।
