कल से बारिश के आसार, तूफान के साथ बिजली गरजने की चेतावनी

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश में लगातार मौसम का मिजाज करवट ले रहा है। जहां उंचाई वाले क्षेत्रों में रुक -रुक कर बर्फबारी हो रही है। राज्य के कई क्षेत्रों में बारिश तो कहीं लू की चलने का भी पुर्वानूमान जारी किया गया है। राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान लाहुल-स्पीति के हंसा में दस सेंटीमीटर और कोकसर में करीब चार सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश भी रिकॉर्ड की गई। शुक्रवार को राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी और सोलन जिले के कुछ क्षेत्रो में शनिवार को लू चलने की चेतावनी दी है, वहीं 15 मार्च से मौसम के बदलने और बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक 15 और 16 मार्च को कई जगहों पर अंधड़ के साथ बिजली कडकऩे की आशंका है और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

अनुमान है कि प्रदेश में 20 मार्च तक मौसम का मिजाज पूरी तरह स्थिर नहीं रहेगा और बीच-बीच में बादल, बारिश और तेज हवाओं का दौर बना रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक शोभित कटियार ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत की ओर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसका असर हिमाचल प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। इसी वजह से 15 मार्च से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है। 15 और 16 मार्च को राज्य के कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और अंधड़ चलने की चेतावनी जारी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *