नादौन,सुरेन्द्र राणा: हिमाचल प्रदेश। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में थर्ड फ्रंट के गठन की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो जाना चाहता है, वह जा सकता है, किसी को जबरदस्ती नहीं रोका जा सकता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को पार्टी बनाने का अधिकार है।मुख्यमंत्री ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आरडीजी (Revenue Deficit Grant) बंद होने के मुद्दे पर भाजपा चुप क्यों है। उन्होंने कहा कि यह ग्रांट हिमाचल को 1952 से मिलती रही है और इसके बंद होने से प्रदेश को हर साल लगभग 8 से 10 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। हिमाचल के हितों के मामले में भाजपा की चुप्पी समझ से परे है।नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के रोबोटिक सर्जरी संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में एम्स की तर्ज पर रोबोटिक सर्जरी सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है, जबकि पूर्व सरकार अपने कार्यकाल में नेरचौक मेडिकल कॉलेज में एक एमआरआई मशीन तक स्थापित नहीं कर पाई।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को उच्च स्तर पर ले जाने के लिए लगातार काम कर रही है ताकि आम जनता को बेहतर इलाज मिल सके।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश में फिलहाल एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और यदि ऐसी स्थिति पैदा होती है तो सरकार हर संभव कदम उठाएगी।दो दिवसीय दौरे पर नादौन पहुंचे मुख्यमंत्री ने नादौन डिग्री कॉलेज में स्मार्ट क्लासेस, डिजिटल लाइब्रेरी और बहुउद्देशीय भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में जून माह से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी और यहां मल्टी सुपर स्पेशलिटी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। साथ ही डेंटल कॉलेज खोलने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।मुख्यमंत्री ने कॉलेज में देरी से पहुंचने के बावजूद इंतजार करने वाले छात्रों का आभार भी व्यक्त किया और कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा में आधुनिक तकनीक और गुणवत्ता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
