ऊना, ओमांशी:हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के एक रिटायर्ड सरकारी अधिकारी ने घर बैठे ही पैसा डबल करने के नाम पर करीब एक करोड़ रुपए लूटा दिए हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से एक भ्रामक विज्ञापन जिसमें पैसा हर माह 21 हजार इन्वस्टमेंट करने पर घर बैठे ही 85 हजार प्रदान करने का झांसा दिया गया था। इस चक्कर में पूर्व कर्मी ने विभिन्न 14 ट्रंाजेक्शन करके 83 लाख रुपए के करीब इन्वस्टमेंट के नाम पर जमा करवा दिए। इतना ही नहीं, 83 लाख के करीब जमा करवाने के बाद शातिरों की ओर से सेवानिवृत्त अधिकारी को सभी पैसे एक साथ देने की एवज में 11 लाख रुपए का टैक्स जमा करवाने को कहा गया, उसे भी जमा करवाने पर कुल 95 लाख का चूना व्यक्ति को लगा है।उक्त राशि को सितंबर 2025 से मार्च तक शातिरों के अकांउट में जमा करवाया है। अब व्यक्ति ने ठगी का एहसास होने पर साइबर थाना नोर्थ जोन धर्मशाला में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। साइबर थाना ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। साइबर क्राइम के आईजी रोहित मालपानी ने बताया कि नोर्थ जोन साइबर थाना धर्मशाला में इन्वस्टमेंट के नाम पर ठगी की शिकायत पहुंची है। अंकाउट से ठगी की गई राशि को फ्रीज करने सहित शातिरों को पकडऩे के लिए प्रयास तेज़ कर दिए गए हैं।
