शिमला, सुरेन्द्र राणा: ब्रह्माकुमारीज उप सेवा केंद्र सुन्नी के विशाल हाल में 6 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन बड़ी धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में 18 महिला मंडलों से लगभग 250 महिलाओं ने भाग लिया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा हिमाचल प्रदेश की पूर्व प्रधान रूपा शर्मा उपस्थित रहीं। वहीं विशेष अतिथियों के रूप में समाज सेविका एवं भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा शिमला की कार्यालय सचिव कमलेश शर्मा, शिक्षा विभाग की सेवानिवृत्त व्याख्याता सविता शर्मा तथा भारतीय जनता पार्टी सुन्नी मंडल की मंडलाध्यक्ष शिवानी मंच पर मौजूद रहीं।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद सभी महिलाओं ने नारी सशक्तिकरण विषय पर अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए। ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र सुन्नी की संचालिका ब्रह्माकुमारी शकुन्तला बहन ने नारी सशक्तिकरण के लिए आध्यात्मिक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी महिलाओं को केंद्र में आकर सात दिन का राजयोग कोर्स करने का आह्वान किया।इस दौरान भ्राता बी.के. रेवादास वरिष्ठ राजयोगी ने कार्यक्रम में आए सभी भाई-बहनों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारी शकुन्तला बहन ने सभी मेहमानों को ईश्वरीय सौगात के रूप में लक्ष्मी-नारायण का चित्र, साहित्य और प्रसाद भेंट किया। इसके बाद सभी को ब्रह्मा भोजन कराया गया।
