शिमला, सुरेन्द्र राणा: लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है और शिवप्रताप शुक्ल को तेलंगाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिव प्रताप शुक्ल करीब तीन वर्ष तक हिमाचल के राज्यपाल रहे। शुक्ल ने 18 फरवरी 2023 को हिमाचल प्रदेश के 29वें राज्यपाल के रूप में पदभार संभाला था। उन्हें इसी दिन तत्कालीन राजभवन और अब लोकभवन शिमला में आयोजित समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई थी।मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले शिव प्रताप शुक्ल लंबे समय से सक्रिय राजनीति से जुड़े रहे। वह गोरखपुर क्षेत्र से राजनीति में सक्रिय रहे और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते रहे। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी कार्य किया। इसके अलावा वह राज्य सभा के सदस्य रहे और केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री का दायित्व भी संभाल चुके हैं। राज्यपाल के रूप में अपने लगभग तीन वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रदेश में शिक्षा, सामाजिक विकास और विभिन्न जनकल्याण कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाई।
वहीं, कविंद्र गुप्ता को जुलाई 2025 में लद्दाख का उपराज्यपाल बनाया गया था। कल दिन में कविंद्र गुप्ता के अचानक इस्तीफे की खबर आते ही कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं। रात होते-होते तमाम अटकलों पर विराम लग गया। खबर आई कि उन्हें हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बना दिया गया है। इस्तीफे को लेकर हैरत जताने वालों ने कविंद्र गुप्ता को बधाई देना शुरू कर दिया।
