शिमला, सुरेंद्र राणा:हिमाचल प्रदेश की खाली राज्यसभा सीट के लिए कांगड़ा के अनुराग शर्मा ने नामांकन भरा है। इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि कांग्रेस वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद शर्मा को राज्यसभा भेज सकती है।
प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर अपना नाम घोषित नहीं किए जाने पर कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने प्रतिक्रिया दी है।आनंद शर्मा ने कहा,
“मैं यह नहीं कहूंगा कि मैं निराश हूं, लेकिन स्वाभिमान राजनीति में बहुत महंगा होता है। सच बोलना अक्सर जुर्म माना जाता है… जो लोग फैसला लेते हैं, उनके पास अधिकार होता है और वही इस पर स्पष्ट कर सकते हैं। दशकों से राज्य और देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात रही है… मैं हमेशा हिमाचल प्रदेश के लोगों के साथ रहूंगा… आनंद शर्मा को सच बोलने से कभी नहीं रोका जा सकता… मैं यह मामला हाईकमान के पास नहीं ले जाऊंगा। मैं उनसे बात नहीं करूंगा।”
आनंद शर्मा के इस बयान को हिमाचल की सियासत में अहम माना जा रहा है। उनके शब्दों से साफ है कि उन्होंने सीधे तौर पर असंतोष तो नहीं जताया, लेकिन पार्टी के फैसले पर संकेत जरूर दिए हैं।
