राज्यसभा चुनाव को लेकर 5 मार्च को कांग्रेस विधायक दल की बैठक, आज शाम तक जारी हो सकती है उम्मीदवारों की सूची

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा हिमाचल प्रदेश में 16 मार्च को होने जा रहे राज्यसभा चुनाव के लिए 5 मार्च को नामांकन की अंतिम तिथि है। जिसको देखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सूखु के निर्देश पर 5 मार्च 2026 को कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। यह बैठक सुबह 11 बजे विधानसभा के शासकीय विश्राम कक्ष में आयोजित होगी। पिछले चुनाव में बहुमत न होने के बावजूद भाजपा ने बड़ा उलटफेर करके हर्ष महाजन को राज्यसभा भेजा था अब देखने वाली बात यह होगी कि इस बार राज्यसभा चुनाव में बीजेपी अपना उम्मीदवार उतारती है या नहीं। संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने दावा किया है कि इस बार सभी विधायक मुख्यमंत्री के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं और पार्टी पूरी तरह एकजुट है।

संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि आज शाम तक राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची जारी होने की संभावना है। अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। उन्होंने कहा, “2024 में जो हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण था, लेकिन इस बार सभी विधायक मुख्यमंत्री सुक्खू के साथ मजबूती से खड़े हैं। उम्मीदवार हिमाचल का हो या बाहर का, पार्टी एकजुट है। जिन्होंने पिछले राज्यसभा चुनाव में पार्टी लाइन से हटकर कदम उठाया था, उन्हें उसका परिणाम भी भुगतना पड़ा।”

हर्षवर्धन चौहान ने बजट सत्र की जानकारी देते हुए बताया कि 18 मार्च से बजट सत्र आरंभ होगा। मुख्यमंत्री 21 मार्च को वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। 23 से 25 मार्च तक बजट पर चर्चा और कट प्रस्ताव होगा, जबकि 28 मार्च को सदन में बजट पारित किया जाएगा।

वंही हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि मिडल ईस्ट में फंसे प्रदेश के लोगों की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर है। बताया कि प्रदेश के गृह सचिव लगातार केंद्रीय गृह मंत्रालय के संपर्क में हैं। अब तक की जानकारी के अनुसार सभी लोग सुरक्षित हैं। सरकार जल्द ही सहायता हेल्पलाइन नंबर जारी करेगी और हवाई सेवाएं बहाल होते ही इच्छुक लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी गृह सचिव से भी बातचीत हुई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *