नियमों से चलेगा नगर निगम, गुंडागर्दी नहीं होगी बर्दाश्त – महापौर

Spread the love



शिमला, सुरेंद्र राणा: निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा ने महापौर पर अपने पार्षद बिट्टू कुमार के साथ बदसलूकी के आरोप लगाए हैं। इस पूरे विवाद पर अब महापौर सुरेंद्र चौहान ने पलटवार किया है। उन्होंने साफ कहा कि नगर निगम सदन के भीतर किसी भी तरह की बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनका कहना है कि बिट्टू कुमार पर कानून के तहत कार्रवाई की गई है। इससे पहले शिमला में भाजपा पार्षदों ने महापौर के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनके पद पर बने रहने को लेकर भी सवाल उठाए थे।

महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि उनके पद पर बने रहने का फैसला भाजपा के लोग तय नहीं कर सकते। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सरकार द्वारा विधानसभा से विधेयक पारित कर राज्यपाल को भेजा गया है। वहीं नगर निगम की ओर से भी एक प्रस्ताव राज्यपाल को प्रेषित किया गया है। महापौर ने दोहराया कि संबंधित भाजपा पार्षद पर नियमों के तहत ही कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम कानून के मुताबिक चल रहा है और आगे भी उसी अनुसार चलेगा। यदि कोई जानबूझकर गुंडागर्दी करने की कोशिश करेगा तो उसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि विरोध करना सभी का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन वह विरोध मर्यादा और नियमों के दायरे में होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *