पंजाब दस्तक, वरिष्ठ संवाददाता दिल्ली: युवा कांग्रेस मुख्यालय दिल्ली में चल रहे सत्याग्रह में हिमाचल के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह रविवार को शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत अन्य युवा नेताओं की गिरफ्तारी पर अपना विरोध दर्ज किया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उदय भानु चिब से लंबी पूछताछ के बाद उनकी गिरफ्तारी यह दिखाती है कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज और युवाओं के शांतिपूर्ण प्रदर्शन से घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र एजेंसियों का इस्तेमाल असहमति को दबाने के लिए कर रही है और युवा कांग्रेस नेताओं परपर साजि़श रचने, अवैध जमावड़ा, सरकारी काम में बाधा डालने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि युवा कांग्रेस का विरोध केवल युवाओं की परेशानियों और नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक ढंग से अपनी बात रखने का प्रयास था।
