आईजीएमसी से राज्य स्तरीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, 90 दिनों में 65 हजार बालिकाओं को लगेगा टीका

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए राज्य स्तरीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आईजीएमसी शिमला से इस अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 90 दिनों में प्रदेश की 14 वर्ष आयु की 65 हजार बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्वास्थ्य कर्मियों से अभियान को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ते कैंसर मामलों को देखते हुए सरकार विशेष कदम उठा रही है। हमीरपुर में 300 करोड़ रुपये की लागत से स्टेट ऑफ द आर्ट कैंसर अस्पताल स्थापित किया जाएगा, ताकि मरीजों को प्रदेश में ही सस्ता और बेहतर इलाज मिल सके। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले आठ महीनों में आईजीएमसी सहित सभी मेडिकल कॉलेजों में विश्व स्तरीय हाई-एंड मशीनें और उपकरण स्थापित किए जाएंगे। साथ ही तीन वर्षों में जोनल अस्पतालों, आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों, पीएचसी और सीएचसी में भी एम्स की तर्ज पर आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए सरकार 3000 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
उन्होंने बताया कि आईजीएमसी में 3 टेस्ला एमआरआई मशीन शुरू कर दी गई है और जल्द ही सभी पांच मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण को नियमित कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा और यह टीका बालिकाओं को निःशुल्क लगाया जाएगा।
प्रदेश सरकार का लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ कर हेल्थ टूरिज्म को भी बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *