चम्बा, मीनाक्षी: ग्राम पंचायत कियाणी के सीआरपीएफ से रिटायर्ड कर्मी के साथ शातिरों ने ऑनलाइन ठगी कर करीब तीन लाख 70 हजार रुपए हड़प लिए। शातिरों ने रिटायर्ड कर्मी के एसबीआई चंबा स्थित वेतन व पेंशन खाते से करीब 38 बार पीओएस एटीएम के माध्यम से निकासी की है, लेकिन पीडि़त को किसी भी प्रकार का एसएमएस या ट्रांजेक्शन अलर्ट प्राप्त नहीं हुआ। रतन कुमार पुत्र स्व. प्रेम लाल वासी गांव काहलो ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसका व्यक्तिगत वेतन एवं पेंशन खाता एसबीआई चंबा में संचालित है।नौ अगस्त, 2025 से 31 दिसंबर, 2025 के बीच अज्ञात व्यक्ति ने उनके खाते से कई बार धनराशि निकाली। इस दौरान कुल लगभग 3.70 लाख रुपए की अवैध निकासी की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार इस अवधि में करीब 38 लेनदेन किए गए। उन्हें इन ट्रांजेक्शनों की कोई सूचना मोबाइल पर प्राप्त नहीं हुई। 28 जनवरी, 2026 को जब वे बैंक पहुंचे और पासबुक अपडेट करवाई तब उन्हें खाते से हुई अवैध निकासी का पता चला। उधर, एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
