पंजाब दस्तक, सुरेंद्र राणा: भरमौर पहुंचे प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का स्थानीय स्तर पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान भरमौर के भाजपा विधायक जनक राज ने उनसे मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
विधायक जनक राज ने बताया कि भरमौर विधानसभा क्षेत्र में सीबीएसई विद्यालय संचालित करने तथा कन्या विद्यालय के विलय के बाद उत्पन्न स्थिति को लेकर उन्होंने शिक्षा मंत्री के समक्ष विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि भरमौर में बालिका शिक्षा के क्षेत्र में परम पूजनीय ब्रह्मलीन श्री श्री 1008 श्री जय कृष्ण गिरी जी महाराज के अतुलनीय योगदान को देखते हुए संबंधित शिक्षण संस्थान का नाम उनके नाम पर रखा जाना चाहिए।
विधायक ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए प्रसन्नता है कि शिक्षा मंत्री ने उनकी इस मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेगी, जिससे क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो सके।
