पंजाब के गुरदासपुर जिला में पाकिस्तान सीमा के पास एक सुरक्षा चौकी पर रविवार को दो पुलिस कर्मियों के शव मिलने से हडक़ंप मच गया। दोनों जवानों की मौत गोली लगने के कारण हुई है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना दोरांगला पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले अडियान गांव की है। मृतकों की पहचान सहायक उप-निरीक्षक गुरनाम सिंह और होम गार्ड अशोक कुमार के रूप में हुई है। ये दोनों जवान भारत-पाक सीमा के पास स्थित एक चेकपोस्ट पर तैनात थे, जिसे सुरक्षा की दृष्टि से सेकेंड लाइन ऑफ डिफेंस माना जाता है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चेकपोस्ट के पास अचानक गोली चलने की आवाज सुनी गई। जब अन्य सुरक्षाकर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचे, तो दोनों जवान खून से लथपथ हालत में मिले। उन्हें तुरंत गुरदासपुर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। इस मामले ने पुलिस विभाग को उलझा दिया है, क्योंकि घटना के समय वहां कोई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद नहीं था। पुलिस के सामने वर्तमान में दो प्रमुख सवाल हैं। क्या दोनों जवानों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उन्होंने एक-दूसरे पर गोलियां चला दीं या फिर इस घटना में किसी तीसरे व्यक्ति या बाहरी तत्व का हाथ है। घटना की सूचना मिलते ही गुरदासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। चूंकि यह इलाका अंतरराष्ट्रीय सीमा के बेहद करीब है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं।
