शिमला, सुरेंद्र राणा: नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित AI इंपैक्ट सम्मिट के दौरान यूथ कांग्रेस प्रदर्शनकरियों के खिलाफ भाजपा ने देशभर में मोर्चा खोल रखा है. भाजपा ने यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हरकत को शर्मनाक और देश विरोधी करार देते हुए देशभर में कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शिमला में भी भाजपा युवा मोर्चा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कड़ा विरोध जताया। इस दौरान हिमाचल भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री सुशील कड़शोली ने कहा कि राहुल गांधी देश के लिए शर्म है और इस हरकत के लिए उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। सुशील कड़शोली ने कहा कि भारत मंडपम जैसे प्रतिष्ठित और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मंच पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया हुड़दंग बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कहने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के दौरान हंगामा किया। उन्होंने कहा कि AI इंपैक्ट सम्मिट कोई सामान्य कार्यक्रम नहीं था, बल्कि यह एक वैश्विक स्तर का आयोजन था जिसमें करीब 100 देशों ने भागीदारी की, कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, बड़ी कंपनियों के सीईओ और अन्य गणमान्य मौजूद थे। करीब ढाई लाख लोगों ने इस समिट के लिए पंजीकरण कराया था। ऐसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कपड़े उतारकर और फाड़कर हंगामा करना देश की छवि को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर इस तरह की हरकत राष्ट्र के लिए शर्म की बात है और राहुल गांधी को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।
