शिमला, सुरेन्द्र राणा: भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश विधायक दल की बैठक नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में सर्किट हाउस शिमला में संपन्न हुई। बैठक की जानकारी देते हुए विधायक रणधीर शर्मा ने बताया कि बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा लगातार लिए जा रहे जनविरोधी निर्णयों पर गंभीर चर्चा की गई और जनता की आवाज को पुरजोर तरीके से विभिन्न मंचों और स्थानों पर उठाने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि बैठक में आगामी 6 और 7 फरवरी को होने वाली योजना बैठकों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ और तय किया गया कि भाजपा विधायक इन बैठकों में मजबूती से अपना पक्ष रखेंगे। हाल ही में सरकार द्वारा पंचायत चुनावों को टालने के प्रयासों पर भी विधायक दल ने गंभीर चिंता व्यक्त की और इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के विपरीत बताया।
रणधीर शर्मा ने कहा कि विधायक दल ने इस बात पर गहरा रोष व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार ने अक्टूबर महीने के बाद से विधायक क्षेत्र विकास निधि जारी नहीं की है और इस वित्तीय वर्ष में भी केवल आधी विधायक निधि जारी की गई, जबकि शेष निधि रोक दी गई है। उन्होंने कहा कि बजट में प्रावधान होने के बावजूद निधि रोकना विधायकों और प्रदेश की जनता—दोनों के साथ अन्याय है। विधायक क्षेत्र विकास निधि का उपयोग सीधे विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों और आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए होता है, लेकिन सरकार ने उसे भी बाधित कर दिया है।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार ऐच्छिक निधि, जिससे गरीब मरीजों के इलाज और जरूरतमंद परिवारों की सहायता की जाती थी, उसे भी सरकार ने बंद कर दिया है, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को सीधा नुकसान हो रहा है।
बैठक में इस बात पर भी चिंता जताई गई कि सरकार ने अपने तीन वर्षों के कार्यकाल में विपक्षी विधायकों की प्राथमिकताओं को स्वीकृति के लिए आगे नहीं भेजा। यहां तक कि उन कार्यों की DPR तक तैयार नहीं की गई। इससे विपक्षी क्षेत्रों के विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित हुए हैं और विधायकों में भारी असंतोष है।
रणधीर शर्मा ने बताया कि विधायक दल ने निर्णय लिया है कि
आज सुबह 9:30 बजे भाजपा का समूचा विधायक दल नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में महामहिम राज्यपाल से मिलेगा और ज्ञापन सौंपेगा। ज्ञापन के माध्यम से विधायक क्षेत्र विकास निधि और ऐच्छिक निधि तुरंत जारी करने, विधायक प्राथमिकताओं की DPR बनाने और उन्हें नाबार्ड को भेजकर स्वीकृत कराने की मांग की जाएगी ताकि विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों में भी विकास कार्य आगे बढ़ सकें।
उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक इन सभी मुद्दों को योजना बैठकों और अन्य मंचों पर जोरदार ढंग से उठाएंगे तथा मुख्यमंत्री से भी सीधे मांग करेंगे कि निधियां तुरंत जारी की जाएं और विभागों को DPR तैयार करने के निर्देश दिए जाएं। बैठक में पूर्व मंत्री विक्रम सिंह, विपिन सिंह परमार, सुखराम चौधरी, बलवीर वर्मा, राकेश जम्वाल, हंस राज, इंद्र दत्त लखनपाल, सतपाल सिंह सत्ती, डीएस ठाकुर, जनक राज, इंद्र सिंह गांधी, जेआर कटवाल, पवन काजल, प्रकाश राणा, रीना कश्यप, सुरेंद्र शौरी, रणवीर सिंह, आशीष शर्मा, पूर्ण चंद, दिलीप ठाकुर, लोकेंद्र कुमार, दीपराज सहित अनेक विधायक उपस्थित रहे।
