77वें गणतंत्र दिवस पर जगत प्रकाश नड्डा ने नई दिल्ली स्थित आवास पर फहराया तिरंगा संविधान निर्माताओं व स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि, विकसित भारत व अंत्योदय के संकल्प को दोहराया

Spread the love

शिमला, सुरेंद्र राणा:भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने संविधान के शिल्पकारों तथा स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया, जिनके सर्वोच्च त्याग और संघर्ष के कारण भारत एक संप्रभु, एकजुट एवं सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ।केंद्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक चेतना, संविधान के प्रति आस्था और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान निर्माताओं ने जिस दूरदृष्टि के साथ देश को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों पर आधारित शासन व्यवस्था प्रदान की, वह आज भी भारत की प्रगति का आधार है।श्री नड्डा ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और संविधान निर्माताओं की अथक तपस्या ने भारत को वह मजबूत लोकतांत्रिक ढांचा दिया है, जिसने विश्व में भारत की प्रतिष्ठा को निरंतर बढ़ाया है।उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज देश विकसित भारत के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहा है। अंत्योदय की भावना के साथ सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि राष्ट्र निर्माण की यात्रा में कोई भी नागरिक पीछे न छूटे।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और अंतिम पंक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर राष्ट्र की समग्र प्रगति, एकता और अखंडता के लिए कार्य करें।अंत में श्री जगत प्रकाश नड्डा ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर समस्त देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत का भविष्य उज्ज्वल है और हम सभी मिलकर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *