सरकार भगवान राम पर पूरे राज्य में करवाएगी शो, कैबिनेट मीटिंग में फैसला, 40 जगह होंगे कार्यक्रम

Spread the love

पंजाब, सुरेन्द्र राणा:पंजाब सरकार की कैबिनेट मीटिंग में भगवंत मान सरकार ने फैसला किया है कि पूरे राज्य में राम के जीवन पर आधारित ‘हमारे राम’ नाटक के शो 40 स्थानों पर करवाए जाएंगे। इन शो में देश के कई नामी कलाकार प्रस्तुति देंगे। यह जानकारी पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कैबिनेट मीटिंग के बाद प्रेस कान्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया सरकार एक हजार योग ट्रेनरों की भर्ती भी करेगी। पहले उन्हें आठ महीने फील्ड ट्रेनिंग दी जाएगी। इस दौरान उन्हें आठ हजार प्रति महीना देंगे। जैसे ही यह काम संभालेंगे, उसके बाद उन्हें पच्चीस हजार रुपए सैलरी दी जाएगी। इसके साथ ही सार्वजनिक क्षेत्रों को दी जाने वाली जमीन से जुड़े फैसले अब डीसी की अगवाई वाली कमेटी लेगी, ताकि इस प्रक्रिया को तेज किया जा सके। यह कमेटी ही लीज, बिक्री या नीलामी से जुड़ी शर्तें और नियम तय करेगी। इसके अलावा लोकल बॉडी विभाग के अधीन सरकारी रास्ते होते थे, जिन्हें आम तौर पर कच्चे रास्ते या खाल कहा जाता है। ये रास्ते बाद में शहरों के भीतर आ जाते थे या विकसित हो चुकी कॉलोनियों का हिस्सा बन जाते थे, लेकिन इससे राज्य को कोई राजस्व प्राप्त नहीं होता था। अब इस संबंध में मंजूरी दे दी गई है, जिसके तहत लोकल बॉडी विभाग को इनसे राजस्व मिलेगा।पहले यह व्यवस्था गमाडा और गलाडा में लागू की गई थी। पंजाब में पापरा एक्ट के तहत किसी कॉलोनाइजऱ को पहले अपने प्रोजेक्ट के लिए पाँच साल की स्वीकृति (सेक्शन) दी जाती थी। इसके बाद वह हर साल प्रति एकड़ 10 हजार रुपये का भुगतान कर समय बढ़वा लेता था, लेकिन अब सरकार ने तय किया है कि केवल एक बार तीन साल का एक्सटेंशन दिया जाएगा। इसके लिए एक शर्त रखी गई है कि कॉलोनाइजऱ को प्रति एकड़ 25 हजार रुपए फीस के रूप में सरकार को अदा करनी होगी। पंजाब के सिविल अस्पताल बादल मुक्तसर साहिब, जिला अस्पताल खडूर साहब (जिला तरनतारन), सीएचसी जलालाबाद (जिला फाजिल्का) और टर्शियरी केयर फाजिल्का को अब बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के अधीन कर दिया गया है। पहले इन्हें पंजाब सरकार चला रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *