शिमला, सुरेन्द्र राणा:हिमाचल प्रदेश में जनवरी माह में होने वाले सर्द मौसम ने अब अपना प्रचंड रूप दिखाना शरू कर दिया है। प्रदेशभर में शीतलहर के चलते और अधिक ठिठूरन बढ़ गई है। बीते दिनों पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से शीतलहर और भी प्रचंड रूप से चल रही है। राज्य के 12 में से छह जिलों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है और कई अन्य इलाकों में पारा शून्य के आसपास बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला से मिली जानकारी के अनुसार शिमला, मंडी, कुल्लू, सोलन, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और शीतलहर का असर अभी दो दिन और बने रहने की संभावना है।
लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात मानी जा रही है। इसके अलावा ताबो में माइनस 8.9, कल्पा में माइनस 3.6, नारकंडा में माइनस 1.6, मनाली में माइनस 1.4, रिकांगपिओ में माइनस 1.3, भुंतर में माइनस 1.3, सोलन में माइनस 1.8, सुंदरनगर में माइनस 0.6, कुफरी में माइनस 0.8, बजौरा में माइनस 0.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पालमपुर में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री, शिमला में 2.2, मंडी में 1.0, कांगड़ा में 0.6, हमीरपुर में 1.4, ऊना में 6.0, नाहन में 4.8, बिलासपुर में 2.5, जुब्बड़हट्टी में 4.0, कसौली में 3.8, पांवटा साहिब में 7.0, सराहन में 4.3, देहरा गोपीपुर में 6.0 और नरी में 3.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।मौसम विभाग के अनुसार राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 1.9 डिग्री नीचे चल रहा है। ठंड की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर में गंभीर शीतलहर, जबकि बिलासपुर, पालमपुर और बरठीं में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।
वहीं, हिमाचल में आज और कल प्रदेशभर में कोल्ड वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि 12 जनवरी तक घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक 9 जनवरी को सुबह और शाम के समय ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर में घनी धुंध छाई रहेगी। वहीं, 10 से 12 जनवरी तक ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान वाहन चालकों से सावधानी और सुरक्षित तरीके से गाड़ी चलाने की अपील की गई है, क्योंकि कोहरे की वजह से विजिबिलिटी भी काफी कम रहेगी।बारिश-बर्फबारी के नहीं कोई आसारवहीं, बात करें बारिश-बर्फबारी की तो मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक प्रदेश में 14 जनवरी तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। गौरतलब है कि इस बार विंटर सीजन में अब तक सामान्य से बहुत कम बारिश और बर्फबारी दर्ज हुई है। नवंबर महीने में सामान्य से 95 फीसदी कम, सिर्फ 1 मिलीमीटर बारिश हुई। जबकि दिसंबर महीने में सामान्य से 99 फीसदी कम, 0.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई. वहीं, नवंबर महीने में सामान्य बारिश का आंकड़ा 19.7 मिलीमीटर बारिश और दिसंबर महीने में 38.1 मिलीमीटर बारिश का है।
