शिमला, सुरेंद्र राणा: हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों में क्रिसमस और नव वर्ष के स्वागत के लिए देश-दुनिया से सैलानियों का हुजूम उमड़ पड़ा है। शिमला, मनाली, मकलोडगंज, डलहौजी जैसे प्रमुख पर्यटक स्थल प्रदेश के साथ देश भर के सैलानियों से भरे हुए हैं। बुधवार से शुरू हुआ पर्यटकों का आगमन गुरुवार को भी जारी रहा। पर्यटक स्थलों के सभी होटल, रेस्तरां, होम स्टे में टूरिस्ट्स ने जमकर मस्ती की। होटलों आदि में इस दौरान कई प्रतियोगिताएं भी पर्यटकों को लुभाने के लिए शुरू हो गई हैं। शिमला का रिज मैदान सुबह से ही पर्यटकों से भरना शुरू हो गया था।यहां विंटर कार्निवल ने क्रिसमस के उत्साह को दोगुना कर दिया। मनाली का मालरोड भी पर्यटकों से भरा रहा। हालांकि कई जगह लोगों ने सीमाएं भी लांघी और पर्यटक सिर पर शराब की बोतलें रखकर नाचते देखे गए। उधर, प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की बढ़ती संख्या ने स्थानीय प्रशासन और व्यापारियों के चेहरे पर खुशी ला दी है। क्रिसमस के मौके पर प्रदेश की प्रमुख सडक़ों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। धर्मशाला, मकलोडगंज और पैराग्लाइडिंग के लिए मशहूर बीड़-बिलिंग के साथ-साथ डलहौजी जैसे क्षेत्रों में स्थिति जैम पैक बनी हुई है। होटलों और होमस्टे में बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी है, जिससे लोगों को अच्छी कमाई की उम्मीद है।
