शिमला, सुरेन्द्र राणा: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 13 दिसंबर को शिमला में भाजपा के नए भवन का शिलान्यास करेंगे। प्रदेश की कांग्रेस सरकार के तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर 11 दिसंबर को मंडी में होने वाले कार्यक्रम के जवाब में नड्डा पीटरहॉफ में जनसभा भी करेंगे। सुबह दस बजे जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट रोड़ पर बनने वाले भवन का शिलान्यास किया जाएगा, दोपहर एक बजे होटल पीटरहॉफ में जनसभा रखी गई है।
हिमाचल भाजपा का नया मुख्यालय भवन जुबड़हट्टी एयरपोर्ट रोड पर बनाना प्रस्तावित है। चार मंजिला इस भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, भवन का डिज़ाइन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित भाजपा हेडक्वार्टर की तर्ज पर तैयार किया गया है। भवन में बैठक कक्ष, मीडिया सेंटर, डिजिटल कमांड रूम, कैंटीन, कॉन्फ्रेंस हॉल और वरिष्ठ नेताओं के केबिन जैसी सुविधाओं की व्यवस्था होगी। भवन के शिलान्यास के तुरंत बाद जेपी नड्डा होटल पीटरहॉफ में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।
